सड़क पर बरसाती नाले का खतरा देख कुर्सी डालकर पहरा देने लगे ग्रामीण, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश में इन दिनों दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय है। राजधानी भोपाल, ग्वालियर समेत कई जिलों में सावन की झमाझम बारिश जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच एक गांव से आई एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें ग्रामीणों ने उफनते बरसाती नाले से राहगीरों को बचाने के लिए सड़क पर कुर्सी डालकर पहरा देना शुरू कर दिया है।

सड़क पर कुर्सियां, रस्सी और ग्रामीणों का सतर्क पहरा
यह वायरल वीडियो मध्य प्रदेश पुलिस के डीएसपी संतोष पटेल ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से साझा किया है। वीडियो में कुछ ग्रामीण सड़क पर रस्सी बांधकर कुर्सियों पर बैठे नजर आते हैं। उन्होंने सड़क पर लकड़ियाँ रखकर अस्थायी बैरिकेडिंग भी की है। इसके आगे उफनता बरसाती नाला सड़क को पार करता दिखाई देता है।
जब DSP आम नागरिक बनकर पहुँचे
डीएसपी संतोष पटेल सादी वर्दी में मौके पर पहुंचे और आम राहगीर की तरह ग्रामीणों से पूछा, "कुर्सी डालकर क्यों बैठे हो सड़क पर? हमें तो निकल जाने दो।" इस पर ग्रामीणों ने जानकारी दी कि पुलिया पर करीब पांच फीट पानी भरा है, जबकि देखने में यह मात्र एक-दो फीट प्रतीत होता है। ऐसे में कोई भी वाहन या व्यक्ति धोखे में आकर हादसे का शिकार हो सकता है।
ग्रामीणों की जागरूकता की तारीफ
डीएसपी संतोष पटेल ने ग्रामीणों के इस कार्य की सराहना की और कहा, "ऐसे रास्ते बेहद जोखिम भरे होते हैं, मगर इस गांव के लोग और चौकीदार रस्सी बांधकर पहरा दे रहे हैं ताकि कोई पानी में न डूब जाए। आप लोग बहुत अच्छा काम कर रहे हो, वरना एक-दो लोग तो पानी में बह ही जाते।"
DSP का सोशल मीडिया पोस्ट
संतोष पटेल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- "बीच सड़क में कुर्सी डाले बैठे गाँव के दो व्यक्ति, जिनकी बदौलत कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य सड़क का नाला लगातार 24 घंटे उफान पर था, लेकिन बिना वर्दी की मौजूदगी के भी राहगीरों को सही मार्गदर्शन देने वाले इन महानुभावों को प्रणाम। जनसेवा का भाव ही गांवों को खूबसूरत बनाता है।"
कौन हैं डीएसपी संतोष पटेल?
मध्य प्रदेश पुलिस सेवा के अधिकारी संतोष पटेल मूल रूप से पन्ना जिले के निवासी हैं। डीएसपी बनने के बाद जब वे पहली बार वर्दी में अपनी मां से मिलने गांव पहुंचे थे, तब की एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। खेत में काम करती मां और वर्दीधारी बेटे के उस संवाद को दो दिन में 15 लाख से ज्यादा बार देखा गया था।
वर्तमान में संतोष कुमार, एसडीओपी पद पर बेहट ग्वालियर में पदस्थ हैं। वे सोशल मीडिया पर सामाजिक मुद्दों से जुड़े और व्यक्तिगत जीवन से प्रेरक वीडियो शेयर कर सकारात्मक संदेश देते रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications