लंपी वायरस: Sagar में कंट्रोल रुम बनाया, संक्रमित गाय से एक किलोमीटर तक होगा वैक्सीनेशन
सागर, 22 सितंबर। मप्र के सागर में लंपी वायरस को लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है। सागर में छह गाय लंपी से पीड़ित हैं और इनका इलाज चल रहा है। सागर में लंपी वायरस से बचाव के लिए गायों और गो-वंश को लगने वाली वैक्सीन सागर को मिल चुकी है। इधर जिला प्रशासन ने लंपी वायरस के प्रकोप को देखते हुए कलेक्टोरेट मुख्यालय पर कंट्रोल रुम स्थापित किया गया है। काई भी व्यक्ति लंपी से जुड़ी बीमारी और गो-वंश को लेकर सूचना दे सकता है। इधर वैक्सीजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसमें जिस मवेशी को लंपी का प्रकोप होगा, उसके एक किलोमीटर के दायरे में सभी गो-वंश को वैक्सीन लगाई जाएगी।

सागर जिला मुख्यालय पर लंपी वायरस का संक्रमण पहुंचने और इससे मवेशियों के पीड़ित होने की जानकारी के बाद पशु पालकों में दहशत व हड़कंप की स्थिति बन रही है। लोगों के घरों, गो-शालाओं और आम सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों में यदि किसी को लंपी वायरस का प्रकोप या लक्षण दिखे तो कंट्रोल रुम में सूचना दी जा सकती हैं। इसके लिए कलेक्टोरेट परिसर में फोन नंबर 07582 224822 जारी किया गया है। कलेक्टर दीपक आर्य ने इस संबंध में पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर लंपी वायरस के संक्रमण को रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास हर स्तर पर किए जाएं।
वैक्सीन मिल गई है, सबको नहीं लगेगी
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के अनुसार उन्हें लंपी वायरस से बचाव के लिए आवश्यक वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। हालांकि अभी सीमित मात्रा में यह वैक्सीन आई है। इसको लेकर गाइड लाइन जारी की गई है, इसमें शहर व जिले में जहां भी किसी मवेशी या गो-वंश को लंपी वायरस का प्रकोप होगा, उसे व उसके एक किलोमीटर के दायरे में मौजूद मवेशियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। पशु चिकित्सा विभाग के पशु पालन विभाग के उप संचालक डाॅ. वीके पटेल ने शहवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने पशुओं को घर में बांधकर रखें, अन्यथा उन्हें लंपी वायरस का संक्रमण लग सकता है। यदि किस गो-वंश को संक्रमण नजर आता है तो उसे अन्य मवेशियों से दूर रखकर आइसोलेट करें।












Click it and Unblock the Notifications