MP Election 2023: बीजेपी की पहली लिस्ट में 14 सीटों पर 'हिम्मती दांव', हारे हुए चेहरे-पूर्व मंत्री भी शामिल
MP Election 2023: बीजेपी हमेशा कुछ ऐसा करने में माहिर रही है, जिसके बारे में पार्टी खेमे से लेकर आम आदमी तक नहीं सोच पाता। मिशन 2023 में फतह पाने जिस अंदाज में इतने जल्दी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, इस बारे में भी किसी ने कल्पना नहीं की थी।
39 सीटों पर घोषित हुए कैंडिडेट्स में बड़ी बात यह कि पार्टी ने लगभग 14 सीटों पर हिम्मती दांव खेला हैं। साल 2018 के चुनाव में हारे हुए 14 चेहरों को फिर से चुनाव मैदान में उतारा हैं। जिसमें चार पूर्व मंत्री ललिता यादव, लाल सिंह आर्य, ओम प्रकाश धुर्वे और नाना भाऊ मोहोड़ शामिल हैं।
लिस्ट में शामिल नामों के मुताबिक सिंधिया के करीबी एंदल सिंह कंसाना को सुमावली से टिकट मिला है। लेकिन दलबदल के वक्त कांग्रेस को अलविदा कहकर बीजेपी में आए सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक रणवीर जाटव को मायूस होना पड़ा।
चंबल के भिंड की गोहद सीट से रणवीर 2018 में विधायक थे। फिर 2020 में उप चुनाव हार गए थे। 39 सीटों में पार्टी ने संगठनात्मक तौर पर भी तालमेल बैठाने का प्रयास किया। अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ विधानसभा सीट के लिए हीरा सिंह श्याम पर भरोसा जताया हैं। हीरा सिंह वर्तमान में जिला महामंत्री हैं। प्रियंका मीणा को चाचौड़ा तो बालाघाट जिले की लांजी सीट से राजकुमार कर्राये को टिकट दिया हैं। राजकुमार ने बीच में रूठ गए थे और आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी। लिस्ट जारी होने के कुछ घंटे पहले ही राजकुमार ने 'आप' से इस्तीफ़ा दिया और शाम को बीजेपी के प्रत्याशी घोषित हो गए।

टिकट लेने बेटा-बहू भी कामयाब
चंबल की महत्वपूर्ण सबलगढ़ सीट से बीजेपी ने सरला रावत को चुना। सरला पूर्व विधायक स्वर्गीय मेहरबान सिंह रावत की बहू हैं। इसी तरह जबलपुर ग्रामीण बरगी सीट से 2018 का चुनाव हारने वाली प्रतिभा सिंह के बेटे नीरज सिंह ठाकुर पर पार्टी ने भरोसा जताया हैं। छतरपुर जिले के महाराजपुर से पूर्व विधायक मानवेंद्र सिंह भंवर राजा के बेटे कामाख्या प्रताप सिंह को टिकट दिया गया हैं। जबलपुर पूर्व विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में हार का मुंह देखने वाले पूर्व मंत्री अंचल सोनकर को फिर एक बार टिकट दिया गया हैं।
रह गए कैलाश के खास
मालवा की राजनीति में अच्छा खासा दखल रखने वाले जीतू जिराती का पहली लिस्ट में टिकट कट गया। जीतू पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के ख़ास माने जाते हैं। उनकी विधानसभा सीट राऊ से मधु वर्मा को मैदान में उतारा हैं। बीजेपी अब दावा कर रही है 39 में से 14 कैंडिडेट्स 50 से कम उम्र के हैं।












Click it and Unblock the Notifications