MP: सीएम बोले- बाढ़ देखकर दिल ये कह रहा था तू उतर यार, लेकिन हेलिकाॅप्टर उतारने की जगह नहीं थी
सागर, 24 अगस्त। सागर और पड़ोसी जिलों में बाढ़ से सबकुछ गंवा चुके लोगों को राहत दिलाने, रेस्क्यू कराने और जीवन यापन की व्यवस्था का संकट दूर करने के लिए सरकार और शासन, प्रशासन अब जुटा गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलिकाॅप्टर से बीना उतरे थे। सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वे यहां से विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा पहुंचे। यहां लायरा गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बात कर भरोसा दिलाया कि फसलों का मुआवजा मिलेगा, बीमा की रकम भी दिलाएंगे। पानी में बर्बाद हुए घर, अनाज, गृहस्थी का भी सर्वे कराने के आदेश दे दिए हैं। उसके पहले मलबा हटाने और मूलभूत सेवाएं बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार दोपहर बाद बीना रिफायनरी के पास बने हेलिपेड पर उतरे थे। वे यहां कुछ समय रुके, सांसद राजबहादुर, विधायक महेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया से मिले और बोले मुझे ग्रामीणों को यहीं बुला लो, उनसे यहीं मिल लेते हैं। मुझे ग्वालियर, मुरैना भी जाना है। वे यहां कुछ समय रुके, गाड़ी में खडे़ होकर ग्रामीणों से बोले आप लोग चिंता न करें, मैं कल भी आया था, आज भी आया हूं। मुझे बाढ़ और आपके हालात की जानकारी है। आप लोग चिंत न करें, फसलों का सर्वे करा रहे हैं। हम मुआवजाा भी देंगे और फसल बीमा योजना की राशि भी दिलाएंगे। उसके पहले हमें लोगों को तत्काल राहत के कार्य करने हैं। मलबा हटवाना है, दवाओं की व्यवस्था करनी है, पेयजल की व्यवस्था करनी हैं। बीमारियां न फैलें इसके लिए प्रयास करना है।

सागर के 54 गांव, विदिशा के कुरवाई में हालात खराब
सीएम ने लायरा गांव में कहा कि मैं लगातार दौरें कर रहा हूं। सांसद राजबहादुर सिंह, सभी विधायक और जनप्रतिनिधि सहित कलेक्टर और प्रशासन बाढ़ राहत के लिए जुटे हुए हैं। मैं कल भी कुरवाई और बीना इलाके में हेलिकाॅप्टर से आया था। कुरवाई में बाढ़ के हालात देखकर मन कह रहा था कि तू यहीं उतर यार... लेकिन हेलिकाॅप्टर उतारने के लिए जगह नहीं थी। इसलिए आज आया हूं। प्रदेश के कई हिस्सों में हालात खराब हैं। लोगों की गृहस्थी, अनाज, कच्चे मकान नष्ट हुए हैं। हम सबका सर्वे करा रहे हैं। लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सबको नुकसान का मुआवजा मिलेगा, हम फसल, अनाज, मकान सभी का सर्वे करा रहे हैं। सीएम के साथ सागर सांसद राजबहादुर सिंह भी पूरे समय मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications