खिलाड़ियों को सीएम मोहन यादव ने किया सम्मानित, कहा- खेलों का महत्व हमारे देश में आदिकाल से
MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार को "पंख" खेल उपलब्धि पुरस्कार 2024 सम्मान समारोह में पहुंचे। यहां खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का महत्व हमारे देश में आदिकाल से है। भगवान श्रीराम और अर्जुन का विवाह स्वंयवर के माध्यम से हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया था।
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सुविधाएं देने में कमी नहीं छोड़ेंगे। कहा कि देश के हर वर्ग के खिलाड़ी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं और ओलंपिक खेलों में बड़ी संख्या में स्वर्ण पदक प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 2036 के ओलंपिक खेलों की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई हैं।

प्रदेश के खिलाड़ियों ने देश एवं विदेश में प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रदेश और देश का सम्मान बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कहा कि खिलाड़ियों को सिर्फ खेल की ओर ध्यान देना चाहिए जिससे वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
सीएम यादव ने कहा कि हमारे देश की महिलाएं, पुरूषों से कम नहीं थीं। रानी दुर्गावती और झांसी की रानी ने तलवारबाजी में अदभुत प्रदर्शन किया। उन्होंने कई अवसरों पर युद्ध में विरोधियों को धूल चटा दी। इस दौरान खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार की शुरुआत करने के लिए आयोजकों को साधुवाद दिया।
उन्होंने कहा कि समाज का उत्तरदायित्व है कि वह सरकार का साथ दे। मध्यप्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ समाज का भी भूरपूर सहयोग जरूरी है। खिलाड़ी ऊंचाईयों पर पहुंचें और अपना, परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें। मंत्री सारंग ने कहा कि खेल के क्षेत्र में हम प्रदेश को नम्बर वन पर पहुंचाने में कसर नहीं छोड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications