सागर को एयर एंबुलेंस-हवाई यात्रा से भी जोड़ा जाएगा, CM मोहन यादव ने बताया आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज का नाम
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को सागर के पीटीसी ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम पर होगा सागर में खुलने वाले आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज का नाम। इतना ही नहीं, सीएम यादव ने संत रविदास के नाम से मार्ग के निर्माण की घोषणा की।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम यादव ने बंडा और मकरोनिया के शासकीय कॉलेज में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और केसली में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय भी प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गंभीर और त्वरित इलाज के लिए प्रदेश के जिलों में एयर एंबुलेंस की सुविधा मुहैया कराई जा रही है, जिसमें सागर भी शामिल रहेगा।

सागर को हवाई यात्रा से भी जोड़ा जाएगा। राज्य सरकार ने 12 सीटर वाले छोटे हवाई जहाज संचालित करने का भी निर्णय लिया है। सीएम ने सिरोंजा गांव के एक बच्चे मोहित राजपूत की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए शासन की ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को भी कष्ट नहीं होने देगी।
उन्होंने एक अन्य कैंसर पीड़ित 13 वर्षीय ओमप्रकाश काक्षी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर दीपक आर्य को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। तो वहीं, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सागर में विगत 13 वर्ष से जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, विद्यार्थियों द्वारा लगातार राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग की जा रही थी।
जिसे सीएम मोहन यादव ने पूरा किया। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को सागर में पहली बार आगमन पर ही सीएम यादव ने रानी अवंती बाई लोधी राजकीय विश्वविद्यालय की घोषणा की थी। मंत्री राजपूत ने डॉ.हरिसिंह गौर को भारत रत्न की उपाधि से अलंकृत करने की भावना को केन्द्र सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध सीएम से किया।












Click it and Unblock the Notifications