छिंदवाड़ा पहुंचे सीएम मोहन यादव, जल-गंगा संवर्धन अभियान जागरूकता यात्रा में हुए शामिल
MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को जल-गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रमों में शामिल होने छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां जागरूकता यात्रा शुरू करने से पहले सीएम यादव ने तिराहे पर स्थापित बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जल-गंगा संवर्धन अभियान की जनजागरूकता यात्रा में शामिल हुए।
यह जागरूकता यात्रा शहर के सत्कार तिराहे से प्रारंभ होकर जनसभा स्थल पोला ग्राउंड पर समाप्त हुई। जागरूकता यात्रा में अभियान संबंधी गीतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। रथ यात्रा के दौरान छिंदवाड़ा नगर में आगमन पर सत्कार तिराहे से शुरू हुई और जेल तिराहा, फव्वारा चौक होते हुए जनसभा स्थल पोला ग्राउंड तक पहुंचीं।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शहरवासियों के साथ ही विभिन्न संगठनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जगह-जगह सीएम यादव पर पुष्पवर्षा कर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इन संगठनों में आजीविका मिशन की दीदियां, आशा, ऊषा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी, लाडली बहना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत अन्य संगठन शामिल थे।
एक ओर जहां विभिन्न संगठनों, शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्प और पंखुड़ियों की वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ.यादव का बड़े ही उत्साह के साथ भव्य आत्मीय स्वागत किया। वहीं, सीएम यादव ने भी जिलेवासियों के स्नेह से अभिभूत होकर उन पर पुष्पवर्षा की और दोनों हाथों से उनका आत्मीय अभिवादन किया।












Click it and Unblock the Notifications