छिंदवाड़ा में खुले रथ में सवार होकर अमित शाह ने किया रोड शो, CM मोहन यादव भी रहे मौजूद
MP News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार 16 अप्रैल को छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां खुले रथ में सवार होकर अमित शाह ने रोड शो किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी साथ रहे। इस दौरान अमित शाह ने छिंदवाड़ा की जनता से बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की।
खबर के मुताबिक, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने खुले रथ में सवार होकर करीब 700 मीटर की दूरी तय की। इस दौरान रास्तेभर उन्होंने जनता का अभिवादन किया। उनके एक हाथ में बीजेपी का चुनाव चिन्ह कमल का फूल नजर आया। रोड शो में जुटे लोगों ने शाह पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।

शाह भी लोगों पर फूल बरसाते चल रहे थे। शाह के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू मौजूद रहे। अमित शाह ने शहर के फव्वारा चौक से रोड शो शुरू किया। जो गल्ला बाजार, कमानिया गेट, गोल गंज, मन्ना महाराज मेन रोड होते हुए नगर शक्ति पीठ श्री बड़ी माता मंदिर छोटी बाजार पर खत्म हुआ।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने 'X' हैंडल पर लिखा,छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश) रोड-शो का जोश और उत्साह भाजपा की प्रचंड जीत का संदेश दे रहा है। इस अपार स्नेह और समर्थन के लिए छिंदवाड़ा की जनता का हृदय से आभार। ऐसा बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री नाइट स्टे छिंदवाड़ा में ही करेंगे।
इस दौरान सीएम मोहन यादव ने अपने 'X' हैंडल पर लिखा, छिंदवाड़ा ने भरी हुंकार, नहीं चाहिए एक परिवार। 'अबकी बार 400 पार' के बुलंद नारे के साथ छिंदवाड़ा के भाइयों-बहनों आपने जिस प्रकार भाजपा के विजय रथ का स्वागत किया है, उसके लिए हृदय से आभार!
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने लिखा आपका यह प्रेम और आशीर्वाद मुझे आपकी सेवा और छिंदवाड़ा सहित सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रेरित करता रहेगा। आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में छिंदवाड़ा में आयोजित रोड शो में सहभागिता की। कहा कि भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू जी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए छिंदवाड़ावासी तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications