MP bypolls: मुंगावली और कोलारस सीटों पर कांग्रेस का कब्जा
भोपाल। मध्य प्रदेश की मुंगावली और कोलारस विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। दोनों सीटों पर कांग्रेस और सत्ताधारी भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें कांग्रेस को जीत मिली। अशोकनगर जिले मुंगावली सीट पर कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा की बाई साहब यादव को 2,124 वोटों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र यादव को 70808 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी बाई साहब को 68684 वोट मिले। वहीं शिवपुरी जिले की कोलारस सीट पर 19 राउंड की काउंटिंग के बाद कांग्रेस के महेंद्र सिंह ने भाजपा के देवेंद्र कुमार पर 6600 वोटों की बढ़त बना ली है। इस सीट पर कांग्रेस ने बीजेपी को हराते हुए 8083 वोटों से जीत हासिल की। कांग्रेस को 82515 वोट हासिल किए जबकि बीजेपी को 74432 मिले।

कांग्रेस ने बरकरार रखी दोनों सीटें
कोलारस और मुंगावली दोनों ही सीटें कांग्रेस के विधायकों की मौत की वजह से खाली हुई थीं। उपचुनाव जीतकर में कांग्रेस ने दोनों सीटें बरकरार रखी हैं। कोलारस कांग्रेस की परंपरागत सीट मानी जाती रही है। कोलारस सीट एमएलए रामसिंह यादव के निधन से खाली हुई थी। कांग्रेस ने यहां से रामसिंह के बेटे महेंद्र सिंह को मैदान में उतारा, जिन्होंने जीत दर्ज की।
मुंगावली सीट पर 2013 में कांग्रेस के महेंद्र सिंह कालूखेड़ा जीते थे। सितंबर 2017 में उनका निधन होने से यह सीट खाली हो गई थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार को 2,124 वोटों से हराकर जीत हासिल की है।

इसलिए खास हैं उपचुनाव के नतीजे
मुंगावली और कोलारस सीट गुना लोकसभा क्षेत्र के तहत आती हैं। गुना लोकसभा से कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया सांसद हैं। कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार भी ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाते हैं। उपचुनाव में एक तरफ सिंधिया ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए 70 से ज्यादा सभाएं की तो वहीं भाजपा ने भी इन सीटों को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया हुआ था। शिवराज सिंह ने यहां लगातार सभाएं की, इतना ही नहीं गांवों में रुककर रात भी गुजारी और लोगों से वोट मांगी। इस चुनाव को मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल की तरह से भी देखा जा रहा है।

शनिवार को हुआ था मतदान
मध्य प्रदेश में मुंगावली और कोलारस विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में शनिवार को जबरदस्त मतदान हुआ था। मध्यप्रदेश के कोलारास विधानसभा क्षेत्र में 70.40 और मुंगावली में 77.05 प्रतिशत मतदान हुआ। आपको बता दें कि ओडिशा की विधानसभा सीट बिजेपुर पर हुए उपचुनाव की भी बुधवार को ही काउंटिंग हुई, इसमें बीजू जनता दल की रीता साहू ने भाजपा उम्मीदवार को को 41,933 वोटों से हराया है।












Click it and Unblock the Notifications