चुनाव की अग्निपरीक्षा में सफल, सियासत के मास्टरों के बोर्ड एग्जाम, कोई 10वीं तो कोई 12वीं होना चाहता है पास
परीक्षाओं का सीजन हैं। इस बीच कई माननीय भी बोर्ड एग्जाम दे रहे है। एमपी नेपानगर और यूपी बरेली के सिटिंग एमएलए भी उन्ही में शामिल हैं। दोनों ने प्राइवेट फॉर्म भरे।

MLA Board Exam: कहते हैं कि पढ़ने-लिखने की उम्र नहीं होती। क्षेत्र कोई भी हो जीवन की पाठशाला हर व्यक्ति को विधार्थी होने का बोध कराती ही रहती है। सियासत का मैदान भी वैसा ही है। जिसमें मौजूद कई मंत्री, विधायक, नेता चुनाव की अग्निपरीक्षा में अव्वल आए, लेकिन स्कूल की पढ़ाई में फिसड्डी रह गए। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दो विधायक भी उन्ही में से हैं, जिन्हें अब स्कूल की पढ़ाई की याद आई हैं। एमपी नेपानगर की विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर का 10वीं, तो यूपी बरेली से एमएलए राजेश मिश्रा उर्फ़ पप्पू भरतोल 12वीं का एग्जाम दे रहे हैं। दोनों ही सियासतदानों की कहानी बेहद दिलचस्प हैं।

नेताजी चले स्कूल
सब पढ़े सब बढ़े। सियासत से जुड़े कई लोग सरकारी स्कूलों की दीवारों, योजनाओं और होर्डिंग-फ्लेक्स में लिखे रहने वाले इस नारे से बहुत आगे निकल चुके हैं। चुनाव जैसी अग्निपरीक्षा में भी सफलता के झंडे गाड़ते चले आ रहे हैं। जनता भी ऐसे लोगों को यह सोचकर पास करती आई, कि सामाजिक क्षेत्र का इनके पास ज्ञान का भण्डार हैं। सियासत के सिस्टम से किसी को यह जानने की फुर्सत ही नहीं मिली कि कौन सा नेता कितनी क्लास तक पढ़ा हैं। नतीजतन आज के दौर में जब कोई मंत्री, विधायक या बड़ा नेता स्कूल की परीक्षाओं में शामिल होता है तो हर किसी को आश्चर्य हो रहा हैं।

एमपी और यूपी के इन MLA के बोर्ड एग्जाम
बोर्ड परीक्षाओं के मौसम में इन दिनों स्कूल के रेगुलर स्टूडेंट्स से ज्यादा प्राइवेट परीक्षा दे रहे कुछ माननीयों की चर्चा हो रही हैं। मध्य प्रदेश नेपानगर की विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर 10वीं और उत्तर प्रदेश बरेली से विधायक राजेश मिश्रा उर्फ़ पप्पू भरतोल 12वीं बोर्ड का एग्जाम दे रहे हैं। दोनों को अपने क्लास की बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे नंबरों के साथ पास होना हैं। परीक्षा की तैयारी भी इन माननीयों की दिलचस्प हैं।

MP नेपानगर की MLA सुमित्रा
सुमित्रा देवी कास्डेकर मप्र नेपानगर की सिटिंग एमएलए है। उनका कहना है कि जीवन में पढ़ना बहुत जरुरी है और लिखने-पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती। किसी वजह से 21 साल पहले उनकी पढ़ाई छूट गई थी। लेकिन उनको अब पढ़कर और आगे बढ़ने का जुनून है। सुमित्रा ने देड़तलाई हायर सेकण्डरी स्कूल से प्राइवेट स्टूडेंट के रूप में 10वीं की परीक्षा का फॉर्म भरा था। जिसका प्रवेश पत्र लेने वह स्कूल भी पहुंची। सोशल मीडिया पर उनकी कुछ पुरानी तस्वीरें भी वायरल हैं, जिसमें वह सरकारी स्कूल के स्टूडेंट्स से मिलने पहुंची थी और पढ़ाई की सीख दे रही थी।

UP बरेली के MLA राजेश मिश्रा
राजेश मिश्रा उर्फ़ पप्पू भरतोल उप्र बरेली से सिटिंग एमएलए है। राजेश मिश्रा इंटरमीडिएट यानि 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। 55 साल के हो चुके राजेश ने कानून की पढ़ाई करने का लक्ष्य बनाया है। इन माननीय के एग्जाम शुरू हो चुके है। परीक्षा देने बाकायदा स्कूली बच्चों की तरह पानी की बोतल, कम्पास, तख्ती लेकर पहुंचते है। इतना ही नहीं विधायक महोदय ने अपनी परीक्षा की तैयारी के लिए घर पर ट्यूटर भी लगवाया। किसी भी कीमत में विधायक महोदय परीक्षा में फेल न हो, इसके लिए मास्टर साब पढ़ाने में खूब मेहनत कर रहे है।

सब फर्स्ट डिवीजन Pass !
यूपी के विधायक की परीक्षाएं शुरू हो गई है। जबकि एमपी की MLA के इंतिहान अगले महीने से शुरू होंगे। लेकिन सोशल मीडिया पर अभी से कई यूजर्स ने दोनों माननीयों के रिजल्ट घोषित कर दिए। दोनों को फर्स्ट डिवीजन पास बताया जा रहा हैं। एक यूजर ने लिखा कि मंत्री, विधायक बनने के बाद स्कूल-कॉलेज की ऐसी परीक्षा दे चुके नेताओं में आजतक कोई फेल नहीं हुआ। स्कूल-कॉलेज के रेगुलर स्टूडेंट्स के मुकाबले इन लोगों की तैयारी जबरदस्त रहती हैं। साल 2021 में 62 साल की उम्र में राजस्थान उदयपुर ग्रामीण से विधायक फूलसिंह मीणा ने बीए की परीक्षा दी थी। ऐसे कई चेहरे है, जो परीक्षाओं पास होते चले आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications