Kuno National Park से मादा चीता निर्वा एक हफ्ते से गायब! शिकार के अवशेष-पगमार्क से तलाश
कूनो नेशनल पार्क के फ्री रेंज एरिया में छोड़े गए चीतों को वापस बाड़े में लाया जा रहा है। जिंदा बचे 15 में से 13 चीते बाड़े में आ गए हैं, केवल दो चीते निर्वा व धात्री खुले जंगल में मौजूद हैं। इनमें से मादा चीता निर्वा बीते 7 दिन से जंगल से गायब बताई जा रही है। उसके गले की रेडियो कॉलर आईडी खराब है। निर्वा कोर एरिया से निकलकर ओछापुरा इलाके के बरगंवा के जंगल में कुछ दिन पहले नजर आई थी।

दक्षिण अफ्रीकन मादा चीता निर्वा को एक हफ्ते से कूनो के जंगल में तलाश किया जा रहा है। ट्रेकिंग टीमें कोर और बफर एरिया में उसकी मौजूदगी के प्रमाण जुटा रही हैं, लेकिन हर संभव कोशिशों के बाद भी मादा चीता निर्वा की लोकेशन नहीं मिल सकी है। कुछ दिनों पहले उसकी लोकेशन ओछापुर थाना इलाके के जंगलों की बताई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने उसके वहां देखे जाने की पुष्टि की थी, लेकिन उस इलाके में भी वह ट्रेस नहीं हो सकी है।
पग मार्क और शिकार के अवशेष से तलाश
मादा चीता निर्वा को तलाशने के लिए कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन ने अब ड्रोन की मदद से सर्चिंग तेज की हैं। बारिश के दौरान जंगल में चीते की तलाश में व्यावहारिक कठिनाईयां भी सामने आ रही हैं। इधर दूसरी टीमें निर्वा के पगमार्ग और उसके द्वारा किए गए शिकार के अवशेषों की तलाश कर उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
गले में लगी रेडियो कॉलर आईडी खराब
कूनो में छोड़ी गई मादा चीता निर्वा के गले में जो रेडियो कॉलर आईडी पहनाई गई थी, बीते दिनों उसमें कुछ तकनीकि खराबी आना बताया जा रहा है। इस कारण बीते एक हफ्ते से ट्रैकिंग टीम के नेटवर्क से वह गायब हो गई। उसे तलाश करने में अब टीमों की सांसे फूल रही हैं।
15 चीते जिंदा बचे, 13 बाड़े में बंद
कूनो नेशनल पार्क में एक के बाद एक चीतों की मौत के बाद चीता प्रोजेक्ट पर सवाल भी उठ रहे थे। चीता तेजस व सूरज की पीएम रिपोर्ट के दौरान उनके गले में रेडियो कॉलर के बेल्ट के नीचे चमड़ी में घाव, संक्रमण और उसमें कीड़े पड़ने से सेप्टिसीमिया संक्रमण चीतों के ब्लड तक पहुंच गया था। यहीं संक्रमण चीतों की मौत का कारण बन रहा था। इस कारण विशेषज्ञों ने सारे चीतों को जंगल से वापस लाकर उनकी रेडियो कॉलर आईडी की जांच की है। 13 चीते फिलहाल बाड़े में आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications