MP Politics: क्या कमलनाथ का राज्यसभा जाना तय है? सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अटकलें तेज हो गईं
Kamalnath News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर कई अटकलें चल रही है। इसमें कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने की भी चर्चा है। इस बीच उनकी दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात हुई। जिसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि वह एमपी की राजनीति छोड़कर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे।
राजनीतिक गलियारों में अब चर्चाएं तेज है की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ अप्रैल में राज्यसभा जा सकते हैं। दरअसल 2 अप्रैल को राज्यसभा की 5 सीटें खाली हो रही हैं, इनमें से 4 भारतीय जनता पार्टी को तो एक कांग्रेस को मिलना तय है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की सीट कमलनाथ को मिल सकती है। उन्होंने 9 फरवरी को सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

खबर अनुसार कमलनाथ ने सोनिया गांधी से राज्यसभा की सीट मांगी है। यह खबर ऐसे टाइम में सामने आई है जब हाल ही में उन्होंने ऐलान किया था कि उनके बेटे नकुलनाथ लोकसभा चुनाव के लिए छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे।
राजनीतिज्ञ सूत्रों के अनुसार कमलनाथ ने 13 फरवरी को अपने आवास पर सभी कांग्रेस विधायकों के लिए डिनर का आयोजन किया है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि वह नामांकन के पहले दिन 15 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा भरेंगे। बता दें, कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में 2018 विधानसभा चुनाव से 9 महीने पहले पार्टी की कमान संभाली थी। कांग्रेस बहुमत से थोड़ी दूर रह गई लेकिन दूसरे सहयोगियों के सपोर्ट से सरकार बनाई और कमलनाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
इसके बाद कांग्रेस के 15 महीने के कार्यकाल के बाद, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विद्रोह कर दिया और भारतीय जनता पार्टी में चले गए। इसके चलते कमलनाथ सरकार गिर गई और भाजपा को एक बार फिर सरकार बनाने का मौका मिला। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनावों में भी कमलनाथ को मुख्यमंत्री के तौर पर दर्शाया गया लेकिन बीजेपी ने 230 में से 163 सीटें जीतकर चुनाव में जीत हासिल की। कांग्रेस 66 पर सिमट गई।
बता दें, राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने 56 सीटों का शेड्यूल जारी किया है जिनमें राज्यसभा की ये 5 सीटें भी शामिल हैं। 15 फरवरी को नामांकन दाखिल किए जाएगें, 16 फरवरी को इनकी जांच होगी, 20 फरवरी तक नाम वापसी होगी और 27 फरवरी को चुनाव के बाद परिणाम आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications