भाजपा नेता हुए कार हादसे के शिकार, कांग्रेस नेता की वजह से बची जान
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में हिस्सा लेने के लिए भोपाल पहुंचने के दौरान भाजपा नेताओं की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार भाजपाई नेता घायल हो गए, लेकिन कांग्रेस नेता की वजह से सबकी जान बच गई और सबको वक्त रहते अस्पताल में भर्ती कराया जा सका।

दरअसल भोपाल में मंगलवार को भाजपा का कार्यकर्ता महाकुंभ था, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेशभर से नेता, विधायक और कार्यकर्ता आ रहे थे। इसी में शामिल होने के लिए मनोनीत पार्षद नरेन्द्र वर्मा, मेवालाल बम्नेल,अविनाश चमकेल और दीपक राजपूत मारुति कार में भोपाल रवाना हो गए। सुबह तकरीबन 4 बजे उनकी कार सागर के रहली के पास पहुंची, जहां तेज रफ्तार की वजह से अनियंत्रित होकर रास्ते के किनारे लगे पेड़ से जा टकरा गई। कार में सवार भाजपा के नेता घायल हो गए और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
लेकिन गनीमत रही कि उनकी कार के ठीक पीछे पूर्व विधायक लखन घनघोरिया की कार आ रही थी। ड्राइवर ने जैसे ही कार को दुर्घटनाग्रस्त देखा उसने गाड़ी रोक दी और मदद के लिए निकल पड़ा। ड्राइवर रजनीश ने फौरन घायल नेताओं को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कांग्रेस नेता के ड्राइवर की वजह से भाजपा नेताओं को वक्त पर अस्पताल पहुंचाया जा सका, जहां उनका इलाज किया गया। हालांकि जिस कार में भाजपा नेता सवार थे उसकी पिछली सीट पर शराब की बोतलें मिलीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications