घर के बाहर खेलते-खेलते गायब हो गई मासूम, शाम को बाजू की टपरिया में मिट्टी में दफन मिली
सागर, 6 अगस्त। मप्र में सागर जिले में तीर्थक्षेत्र टिकिटोरिया मंदिर गेट के पास से 4 साल की मासूम खेलते-खेलते गायब हो गई। जब काफी देर तक घर नहीं लौटी तो पिता, परिजन ने तलाश किया, लेकिन नहीं मिली। पुलिस में एफआईआर कराई। शाम को पास में स्थित एक खाली टपरिया में मिट्टी में दफन मिली। सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का महौल है। एफएसएल टीम जांच में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार जिले रहली-जबलपुर मार्ग के टिकिटोरिया मंदिर के गेट के सामने से सुबह करीब 11 बजे एक बच्ची गुम हो गई। काफी देर तक जब वह नहीं दिखी तो पिता मनोज भदोरिया ने घर के बाहर, आसपास तलाशा, पडोसियों से पूछा, लेकिन वह नहीं मिली। दोपहर में रहली थाना में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस, घर वालों के अलावा इलाके के लोग भी उसे तलाश कर रहे थे।
मासूम के पिता के घर के पास एक खाली टपरिया बनी है। वहां कुछ मिट्टी खुदी नजर आई तो परिजन व आसपास के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो वह ताजी खुदी मिट्टी दिख रही थी। मिट्टी को हटाकर देखा तो उसके नीचे बच्ची मृत अवस्था में दफन थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल की टीम को बुलाया है। टीम ने सैंपल लेकर लैब भेजे हैं। पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर रही है। बच्ची की हत्या की आशंका जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications