खेतों मे दवा छिड़कते ही फसल हो गई बर्बाद, जानिए पूरा मामला
शिवपुरी में खरपतवार को खत्म करने के लिए खेत में डाली गई दवा से किसानों की फसल हो गई खराब
शिवपुरी, 30 जुलाई। खरपतवार मिटाने के चक्कर में किसानों की फसल ही बर्बाद हो गई। पूरा मामला शिवपुरी के मुंगावली गांव का है। यहां किसानों ने अपने खेत में खड़ी खरपतवार को खत्म करने के लिए खेत में दवा डाली थी लेकिन उस दवा से खरपतवार के साथ-साथ किसानों की मूंगफली की फसल भी बर्बाद हो गई। पीड़ित किसानों ने जब दुकानदार को यह बात बताई तो दुकानदार ने किसानों को भगा दिया। जिसके बाद किसानों ने एसडीएम कार्यालय जाकर इस बात की शिकायत की है।

मुंगावली गांव के किसानों ने डाली थी अपने खेतों में दवा
दरअसल मुंगावली गांव के तकरीबन एक दर्जन किसान अपने खेत में खड़ी खरपतवार से परेशान थे। खरपतवार से छुटकारा पाने के लिए किसानों ने खेतों में दवा डालने का निर्णय लिया। इसके बाद इन किसानों ने गेंडा एजेंसी से दवा खरीदी और उस दवा का छिड़काव अपने खेतों में करवा दिया।
2 सप्ताह में ही किसानों की फसल हो गई बर्बाद
खेत में दवा का छिड़काव करने के बाद किसान यह सोचकर निश्चिंत हो गए थे कि अब खरपतवार खत्म हो जाएगी लेकिन दस बारह दिन में खरपतवार के साथ-साथ किसानों की मूंगफली की फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो गई। यह देखकर किसान हैरान रह गए।
दुकानदार से शिकायत करने पर दुकानदार ने भगाया
मुंगावली गांव के एक दर्जन किसानों की 70 बीघा में खड़ी मूंगफली की फसल बर्बाद हो गई। किसान अपनी शिकायत लेकर जब दुकानदार के पास पहुंचे तो दुकानदार ने किसानों की पीड़ा सुनने की बजाय उन्हें डांट डपट कर ही वापस लौटा दिया।
पीड़ित किसानों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर की शिकायत
जब दुकानदार ने किसानों की एक नहीं सुनी तो किसान परेशान होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां किसानों ने एसडीएम दिनेश शुक्ला को लिखित शिकायत देकर अपनी पूरी पीड़ा बयां की है और इस मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की है।












Click it and Unblock the Notifications