मरीज को लेकर ग्वालियर आ रही एम्बुलेंस ट्रैक्टर में घुसी, महिला की मौत
ग्वालियर/मुरैना। गंभीर मरीज को लेकर ग्वालियर आ रही एम्बुलेंस ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई। जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुरैना जिले में एमएस रोड पर जौरा थाना अंतर्गत कुर्ला गांव के समीप हुआ।

बताया गया कि जौरा में एक मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया और एम्बुलेंस से रवाना कर दिया गया। एंबुलेंस मरीज को लेकर ग्वालियर आ रही थी कि रास्ते में एम्बुलेंस अनियंत्रित हो गई और चालक भी उसे काबू में नहीं कर पाया। अनियंत्रित होकर एम्बुलेंस पीछे से सीधे ट्रैक्टर में जा घुसी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस में सवार 70 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ड्राइवर सहित 6 लोग घायल हो गए। जिनमें वह मरीज भी शामिल था जिसे इलाज के लिए परिजन ग्वालियर ला रहे थे। उधर घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि सभी घायल और मृत सबलगढ़ के समीप कटरा थानांतर्गत टेट्रा गांव के निवासी हैं।












Click it and Unblock the Notifications