इस दुल्हन ने 7 फेरे लेने से पहले दूल्हे के सामने रखी अनूठी शर्त, बोली- 'यह काम करने के बाद ही लाना बारात'
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर की एक शादी खासी चर्चा में है। वजह ये है कि इसमें दुल्हन ने दूल्हे के सामने अनोखी शर्त रखी दी। निजी स्कूल में शिक्षिका दुल्हन ने दूल्हे के सामने शर्त यह रखी कि पहले दूल्हा पक्ष की ओर से सौ फलदार व छायादार पौधे लगाए जाएं। इसके बाद ही वे बारात लेकर आ सकते हैं। ससुराल पक्ष की ओर से सौ पौधे लगाने और जिंदगीभर उन पौधों का ख्याल रखने का वादा करने पर शादी हुई।

जानकारी के अनुसार ग्वालियर के इंद्रमणि नगर में रहने वाले पंडित अशोक दुबे की बेटी नीतू की शादी मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी डॉ. आशु के साथ तय हुआ। नीतू ने अपने भाई कमल दुबे के जरिए वर पक्ष के समक्ष पौधरोपण की शर्त रखी है। आशु के पिता उपेंद्र दीक्षित खुद एसडीओपी है और उन्होंने वचन दिया कि श्योपुर में जिला प्रशासन से चर्चा कर पौधरोपण के लिए जगह ली जाएगी।
इस संबंध में दुल्हन नीतू का कहना है कि अखबार और चैनलों में आए दिन खबरें देखने-पढ़ने को मिलती है कि लोग गर्मी के कारण मर रहे हैं। महाराष्ट्र समेत कई जगह लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए तरस रहे हैं। ये सब काफी दुखी करता है। मैं अपने परिवार और फ्रेंड सर्किल के साथ अक्सर पौधरोपण में भाग लेती हूं। मुझे लगा कि मैं अपनी शादी में पौधरोपण कराकर पर्यावरण के लिए एक अच्छा काम कर सकती हूं। इसलिए मैंने ये शर्त रखी, जिसे मेरे ससुराल वालों ने मान लिया। यह मेरे लिए खुशी की बात है।
दूल्हे के पिता पंडित उपेंद्र दीक्षित ने बताया कि हम वैसे भी समय-समय पर पौधरोपण करते रहते हैं। पुत्रवधु की सौ पौधे लगाने की इच्छा सुनकर और भी अच्छा लगा। तब मैंने वादा किया कि पुत्र और पुत्रवधु की हाइट के 100 पौधे लगाऊंगा। जिला प्रशासन से चर्चा कर एक माह में पौधरोपण करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications