Damoh Accident News: दमोह में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार की मौत, 20 घायल; मंत्री लखन पटेल ने जताया दुख
Damoh News: दमोह जिले में सोमवार सुबह हुए एक गंभीर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा जिले के फतेहपुर गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। ट्रैक्टर ट्रॉली के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना घटी।
घटनास्थल पर पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोग छतरपुर के बड़े जटाशंकर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। चढ़ाई पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों में हेमेंद्र आदिवासी (10) और छोटी बाई (45) शामिल हैं, जबकि लक्ष्मण आदिवासी (17) और गंजली बहू (50) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को हटा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ट्रैक्टर मालिक परम लोधी (45), चित्तर राजगौंड (11), कल्पना (10), बल्ला आदिवासी (12), कुंवर आदिवासी (20) और ममता (40) की हालत गंभीर है।
कलेक्टर और मंत्री ने जताया दुख
दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए और पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पशुपालन राज्यमंत्री लखन पटेल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने X पर लिखा, "अपने विधानसभा क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना से दुखी हूं।" उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
प्रशासन और स्थानीय अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं, और हादसे के कारणों की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications