MP: सागर में बिहार से ज्यादा आतंक और गुंडागर्दी, जानिए ऐसा क्यों बोले पूर्व केंद्रीय मंत्री
सागर, 02 जुलाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को लगता है कि देश में सबसे ज्यादा आतंक, भय और भ्रष्टाचार सागर में है। उनका मानना है कि कभी बिहार में जिस तरह का राजनीतिक आतंक और गुंडागर्दी थी, उससे कहीं अधिक गुंडागर्दी सागर में हैं। वे यहां कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया से रुबरु हो रहे थे।

मप्र के सागर में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि देश में बिहार राजनीतिक आतंक के मामले में सबसे खतरनाक था, वहां भी इस तरह की गुंडागर्दी नहीं है, जिस तरह की भाषा यहां जनप्रतिनिधि और मुख्यमंत्री प्रयोग करते हैं वह गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और उनके जनप्रतिनिधि संघीय ढांचे के खिलाफ जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश में संविधान संशोधन किया था। इसमें गांव की सरकार और नगर सरकार को अधिकार दिए गए हैं। नगर सरकार या जिले की सरकार की मुखिया किसी से भीख या खैरात नहीं मांगेंगी। सीएम का कर्तव्य है, जनता के टैक्स का पैसा है, देना पड़ेगा। नहीं देंगे तो सीएम की छाती पर चढ़कर हमारी महापौर प्रत्याशी पैसा लेकर आएंगी, यह नगर सरकार का अधिकार है।
पूर्व मंत्री को आखिर ऐसा क्यों बोलना पड़ा
दरअसल बीते दिनों सागर में रोड शो करने आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्री भूपेंद्र सिंह खुले रुप से मंचों से भाषण में कह रहे हैं कि सागर में यदि कांग्रेस की महापौर जीत गई तो अगले पांच साल सिर्फ लड़ाई चलती रहेगी, सागर का विकास अटक जाएगा। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बयान में कहा था कि जनता कमलनाथ से पूछे कि विकास के लिए पैसा कहां से लाएंगे। उसी के जबाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने बीते रोज मीडिया के सामने ये बयान दिया है।












Click it and Unblock the Notifications