भोपाल: कमला नेहरू अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में आग, 4 बच्चों की मौत
नई दिल्ली, 9 नवंबर: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित कमला नेहरू अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में सोमवार रात आग लग गई, जिसमें अभी तक 4 बच्चों के मौत की खबर है। देर रात फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया और झुलसे हुए बच्चों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। घटना पर एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख व्यक्त किया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास नारंग ने बताया कि वार्ड में कुल 40 बच्चे भर्ती थे जिसमे से 36 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि 4 बच्चों को बचाया नहीं जा सका।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में अचानक धुंआ निकलते हुए देखा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें निकलने लगीं। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। वहीं आग की खबर सुनकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग खुद भागकर बाहर पहुंच गए, लेकिन बच्चे वहीं फंसे रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी मौके पर पहुंच गए थे।
देर रात मीडिया से बात करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में आग लगने से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। उस वार्ड में कुल 40 बच्चे थे, जिसमें से 36 सुरक्षित हैं। वहीं जिन बच्चों की मौत हुई है, उनके माता-पिता को 4 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
सीएम ने जताया दुख
सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग की घटना दुखद है। बचाव कार्य तेजी से हुआ। घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। जांच एसीएस लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मोहम्मद सुलेमान करेंगे। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि बच्चों का असमय दुनिया से जाना बेहद असहनीय पीड़ा है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। इन बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटना में जो घायल हुए हैं, उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो, यही मेरी कामना है।












Click it and Unblock the Notifications