मध्य प्रदेश : खरगोन में 2 और 3 मई को कर्फ्यू, घरों में ही अदा की जाएगी ईद की नमाज
खरगोन, 01 मई। मध्य प्रदेश के खरगोन में राम-नवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए दो और तीन मई को कर्फ्यू लगाया गया है। इस वजह से ईद की नमाज भी घर में पढ़ी जाएगी। खरगोन के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमेर सिंह मुजालदा ने कहा, इस बार ईद की नमाज घर पर ही अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती पर जिले में किसी भी कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Recommended Video

आज शाम 5 बजे तक छूट
खरगोन में 10 अप्रैल को राम-नवमी जुलूस के दौरान पथराव की घटना के बाद शहर में अचानक से हिंसा भड़क उठी थी। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमेर सिंह मुजालदा ने बताया कि एक मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच छूट दी जाएगी। एडीएम ने कहा, "आदेश पारित किया गया है कि दुकानें खुली रहेंगी और परीक्षा देने वाले छात्रों को पास दिया जाएगा। हालांकि, मांग के अनुसार निर्णय में बदलाव किए जा सकते हैं।"
राम नवमी पर हुई हिंसा में घायल हुए थे कई लोग
बता दें, राम नवमी पर हुई हिंसा में पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे। जुलूस के दौरान लोगों के समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया था। अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के लिए अनुमति नहीं दी गई है। जिला प्रशासन और समाजजनों के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। इधर, प्रभारी एसपी रोहित काशवानी ने लोगों से आगामी त्यौहार को लेकर शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। प्रभारी एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन सतर्क है। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। जेल वाहन तैयार है। शहर में अस्थाई जेल भी बनाई गई है। कर्फ्यू का उल्लंघन करने और शांति व्यवस्था में खलल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications