Sheopur news: 'मेरी हत्या की रची जा रही है साजिश'-विधायक बाबू जंडेल ने जताई आशंका
श्योपुर विधायक बाबू जंडेल ने जताई अपनी हत्या की आशंका, बीजेपी और कांग्रेस नेताओं पर लगाया हत्या की साजिश रचने का आरोप, समय आने पर खुलासा करने की कही बात, कांग्रेस विधायक हैं बाबू जंडेल
Sheopur से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना है कि कुछ लोग उनकी हत्या करवाना चाहते हैं, इसके लिए मीटिंग भी हो रही हैं। बाबू जंडेल का आरोप है कि बीजेपी के साथ कांग्रेस के कुछ नेता मिलकर उनकी हत्या करवाना चाहते हैं। विधायक के आरोप के बाद बीजेपी के साथ ही कांग्रेस खेमे में भी हलचल मच गई है।

हत्या की साजिश रचने हो रही है मीटिंग
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना है कि उनकी हत्या की साजिश रचने के लिए मीटिंग हो रही है क्योंकि उनकी बढ़ती हुई लोकप्रियता अब उनके विरोधियों को हजम नहीं हो रही है, यही वजह है कि विरोधी अब उन्हें रास्ते से हटा देना चाहते हैं इसके लिए विरोधियों ने साजिश रचना शुरू कर दी है, बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता भी इस साजिश में शामिल हैं।
अगली विधानसभा चुनाव से पहले है जान का खतरा
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना है कि मैं एक बार फिर से चुनाव लडूंगा इसी बात का डर मेरे विरोधियों को सता रहा इसलिए वे टिकट बांटने से पहले ही मेरी हत्या करना चाहते हैं लेकिन मैं उनकी इस साजिश को कामयाब नहीं होने दूंगा और न ही उनके सामने में झुकने वाला हूं, मैं उन्हें छोड़ने वाला भी नहीं हूं और समय आने पर उनके नाम उजागर करुंगा।
बीजेपी ने विधायक के बयान पर दी अपनी प्रतिक्रिया
कांग्रेस विधायक द्वारा बीजेपी पर लगाए जा रहे आरोप के बाद बीजेपी की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र जाट ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस विधायक ने अपने कार्यकाल में जनता के लिए कुछ काम नहीं किया इसलिए अब उनके पास कहने के लिए कुछ भी नहीं बचा है, इसलिए वे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं लेकिन ऐसा करने से उन्हें कोई फायदा नहीं होने वाला है।
अपनी बयानबाजी और कार्यशैली के लिए सुर्खियों में बने रहते हैं बाबू जंडेल
श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल अपनी कार्यशैली और बयानबाजी की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। कभी वह भोपाल में विधानसभा में कुर्ता फाड़ देते हैं तो कभी व सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इतना ही नहीं कभी-कभी तो बिजली के खंभे पर चढ़कर विद्युत कनेक्शन भी जोड़ देते हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस विधायक हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं और एक बार फिर से अपनी मौत की आशंका जाहिर करते हुए कांग्रेस विधायक ने सुर्खियां बटोर ली हैं।












Click it and Unblock the Notifications