मध्य प्रदेश में बेहतर सड़कों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने PWD अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
मध्यप्रदेश में अच्छी सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की तारीफ की। साथ ही प्रदेश में जारी कामों को लेकर समीक्षा भी की।

मध्यप्रदेश में अक्टूबर-नवंबर के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रदेश में सड़कों को लेकर बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं। सीएम लगातार अधिकारियों के साथ बैठकर कर अच्छे सड़कों के लिए दिशा निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को अपने निवास पर पीडब्ल्यूडी मंत्री और विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने सीएम हाउस के कार्यालय समत्व भवन में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग की सड़कों एवं एनएचएआई के प्रगति पथों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव (Gopal Bhargava) और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सड़कों की गुणवत्ता नियंत्रण के लिए एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग द्वारा अद्भुत प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए इन विभागों को मैं बधाई देता हूं। गुणवत्ता नियंत्रण का यह प्रयास अन्य विभागों में जारी रखा जाए। सड़कें खराब होने के पहले ही उनका पता कर सुधार के प्रयास हों। वर्षा काल में सड़कों के रख-रखाव के लिए बेहतर कार्य-योजना तैयार की जाए।
सड़कों पर न दिखे गड्डे
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्त शब्दों में कहा कि वर्षा-काल में यदि सड़कों पर गड्डे दिखाई देते हैं तो प्राथमिकता से मरम्मत की जाए। विशेष गुणवत्ता निरीक्षण अभियान जारी रखा जाए और खराब गुणवत्ता पर त्वरित कार्यवाही की जाए। निर्माण कार्यों का सतत् रूप से गुणवत्ता निरीक्षण किया जाए।
बताया जा है कि विंध्य एक्सप्रेस-वे राजधानी भोपाल को सिंगरौली तक सीधे जोड़ेगा। इसकी लंबाई 676 किलोमीटर होगी। अटल प्रोग्रेस-वे के लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। नर्मदा एक्सप्रेस-वे के लिए भू-अर्जन की कार्यवाही प्रारंभ की जाना है। बुंदेलखंड विकास पथ भोपाल से छतरपुर तक 330 किलोमीटर का होगा। इंदौर रिंग रोड कुल 139 किलोमीटर का बनेगा। इसी तरह मालवा विकास पथ, मध्य विकास पथ, ग्वालियर-सागर रिंग रोड सहित अन्य रिंग रोड और प्रगति पथों के कार्यों की समीक्षा हुई।












Click it and Unblock the Notifications