MP News: CM मोहन यादव ने पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली रूबीना फ्रांसिस को दी शुभकामनाएं
Bhopal News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल (SH1) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर जबलपुर की बेटी रूबीना फ्रांसिस को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम डॉ यादव ने कहा, "बेटी रूबीना, आपकी यह जीत न केवल देश के लिए गर्व का कारण है, बल्कि मध्य प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए संघर्ष से सफलता की प्रेरणा भी है। आपकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से हर बाधा को पार किया जा सकता है।"

उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि रूबीना की सफलता का यह सिलसिला लगातार चलता रहे और वह अपनी खेल यात्रा के माध्यम से देश और प्रदेश को गौरवान्वित करती रहें।
डॉ यादव ने रूबीना की उपलब्धि को मध्य प्रदेश के खेल क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश में खेल और खेलकूद के प्रति बढ़ते उत्साह और समर्थन का प्रतीक है।
मोहन यादव ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता पर दी बधाई
इससे पहले सीएम डॉ यादव ने विशेष रूप से महिला 10 मीटर एयर राइफल (SH1) स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा और कांस्य पदक विजेता मोना अग्रवाल को बधाई दी। उन्होंने कहा, "अवनी लेखरा ने न केवल स्वर्ण पदक जीता है, बल्कि पैरालंपिक में एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया है। इसी स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीतकर भारतीय खिलाड़ियों को गर्वित किया है। यह उपलब्धि खेल की नई प्रतिभाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा प्रदान करेगी। देश को इन दोनों बेटियों पर गर्व है।"
सीएम ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल (पुरुष) स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल को सिल्वर मेडल जीतने पर भी बधाई दी। डॉ. यादव ने कहा, "मनीष नरवाल की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए परिश्रम और समर्पण से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा बनेगी।"












Click it and Unblock the Notifications