चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल: भारत की जीत के लिए मिर्ची यज्ञ, 51 पुजारियों ने किया अनुष्ठान, CM मोहन यादव का बयान
MP News: टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस महामुकाबले में भारत की जीत के लिए पूरे देश में दुआएं और अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित मां बगलामुखी मंदिर में 51 पुजारियों ने मिर्ची यज्ञ कर भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय 25 साल पुराने बदले को पूरा करने का है।

मां बगलामुखी मंदिर में विशेष यज्ञ
महंत रामनाथ महाराज ने बताया कि माता बगलामुखी को प्रसन्न करने के लिए इस हवन में लाल मिर्च, हल्दी, सरसों, नारियल और अन्य विशेष सामग्री अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि यह विशेष अनुष्ठान टीम इंडिया की विजय के लिए किया गया है। गादीपति महंत योगी पीर रामनाथ जी महाराज ने भी इस अनुष्ठान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शत्रु पर विजय प्राप्ति के लिए इस तरह के यज्ञ किए जाते हैं। इस अवसर पर कई श्रद्धालु और क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद थे, जिन्होंने भारत की जीत की कामना की।
खिलाड़ियों के फोटो लेकर हुआ अनुष्ठान
यज्ञ के दौरान हवन कुंड के पास बैठे पुजारी और बटुकों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें हाथ में लेकर अनुष्ठान किया। इस दौरान मंदिर में मौजूद अन्य क्रिकेट प्रेमी हाथों में तिरंगा लेकर 'भारत माता की जय' और 'टीम इंडिया जीतेंगी' के नारे लगाते रहे। लोगों का कहना था कि माता बगलामुखी की कृपा से भारत चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता बनेगा।
सीएम मोहन यादव ने टीम इंडिया को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को इंदौर में थे और रात में वहीं रुके। रविवार सुबह वे इंदौर से ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "आज हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि भारत की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और 25 साल पुराने बदले को पूरा करेगी। हमारे खिलाड़ियों ने जिस मेहनत और समर्पण से फाइनल तक का सफर तय किया है, वे निश्चित रूप से देशवासियों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। बाबा महाकाल की कृपा से हमारे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से भारत का नाम रोशन करेंगे। मेरी ओर से पूरी टीम को अग्रिम शुभकामनाएं।"
पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों की दुआएं
भारत के इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए पूरे देश में क्रिकेट प्रेमी प्रार्थना कर रहे हैं। मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्च और मस्जिदों में भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना और दुआएं की जा रही हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया बेहतरीन प्रदर्शन कर चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाएगी।












Click it and Unblock the Notifications