MP News: दिग्विजय सिंह की हार पर भाजपा विधायक का बड़ा बयान, बोले-दिग्गी राजा ने हमें किले से किया था बाहर
Rajgarh Lok Sabha Chunav 2024: मध्य प्रदेश में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की लोकसभा चुनाव 2024 में राजगढ़ लोकसभा सीट से हारने पर भाजपा विधायक का बड़ा बयान सामने आया है। खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि दिग्विजय सिंह के हारने से उनका संकल्प पूरा हो गया है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपने जीवन के आखिरी लोकसभा चुनाव में अपने गृह जिला "राजगढ़" में हार का सामना किया। उन्हें भाजपा प्रत्याशी रोड़मल नागर ने करीब डेढ़ लाख वोटों से मात दी। भाजपा को यहां 758,643 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 612,654 वोट प्राप्त हुए। जीत का अंतर 146,089 वोटों का था।

दिग्विजय की हार से खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, "सालों पहले दिग्विजय सिंह ने हमें राजघड़ स्थित अपने किले से बाहर निकाल दिया था। हमने संकल्प लेकर कहा था- 'दिग्गी राजा, तुमने हमें किले से निकाला है, हम तुम्हें एक दिन हराकर जिले से बाहर निकालेंगे।'"
हजारीलाल दांगी की राजनीति कांग्रेस से ही शुरू हुई थी, और 1998 में वह खिलचीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत भी चुके थे। 2003 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया था, और इस पर वे अपने समर्थकों के साथ राघोगढ़ किले पर पहुंचे, लेकिन टिकट नहीं मिला।
बाद में उन्होंने बसपा में शामिल होकर चुनाव लड़ा, जिसमें वे कांग्रेस के प्रियव्रत सिंह से हार गए। कुछ समय बाद, वह भाजपा में शामिल हो गए और 2013 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रियव्रत सिंह को हराया। 2018 में फिर से हार गए, और 2023 के विधानसभा चुनाव में दुबारा कांग्रेस के प्रियव्रत सिंह को हरा दिया।
विधायक ने बताया पूरा किस्सा
विधायक हजारीलाल दांगी ने बताया कि "खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए आज बहुत खुशी का दिन है। एक बार कार्यकर्ता 100 गाड़ियां लेकर राघौगढ़ किले में मेरे लिए टिकट मांगने गए थे। तब राघौगढ़ किले से यह फरमान जारी किया गया था कि आप लोग बाहर निकल जाइए, वरना सबको बंद करवा दूंगा।
तब मैंने यह संकल्प लिया था कि आपने हजारी मास्टर के कार्यकर्ताओं को किले से बाहर किया है, मास्टर जब तक जिंदा रहेगा, तब तक तुम्हें जिले से बाहर करने के लिए संघर्ष करता रहेगा। मतदाताओं ने हजारी मास्टर की बात रखी। पूरे लोकसभा क्षेत्र में खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र से सबसे अधिक 39620 वोट से हम जीते हैं। यह मेरे कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है।"












Click it and Unblock the Notifications