MP उपचुनाव: 'लोकायुक्त' वाले बयान पर चुनाव आयोग पहुंचे बीजेपी नेता, कमलनाथ पर कार्रवाई की मांग
भोपाल, 18 अक्टूबर: पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस और बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को भोपाल स्थित राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचा और उसके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही चुनाव आयोग से उनके खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया। बीजेपी कमलनाथ के लोकायुक्त पर दिए गए बयान से नाराज चल रही है। साथ ही उपचुनाव में इसे मुद्दा बना रही।

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के मुताबिक पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक उपचुनाव रैली को संबोधित करते हुए नाथ ने कहा है कि अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश की सत्ता में वापस आती है, तो वहां पर एक 'असली' लोकायुक्त होगा ना कि 'नकली' लोकायुक्त। इसके अलावा कमलनाथ ने अधिकारियों को भी चेतावनी दी है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। सिंह के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वो मामले को दिल्ली भेजेंगे। अगर आरोप सही पाए गए, तो कमलनाथ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
क्या था कमलनाथ का बयान?
कमलनाथ ने बीजेपी सरकार के लोकायुक्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब हम सत्ता में आएंगे, तो असली लोकायुक्त तैनात करेंगे। इसके अलावा मैं शिवराज सिंह चौहान से पूछता हूं कि आखिर उन्होंने 15 साल में पृथ्वीपुर क्षेत्र के लिए क्या किया है? आज तो वो कहेंगे कि जो-जो मांगोगे, मैं दे दूंगा। वो तो अपनी जेब में नारियल लेकर घूमते हैं। जहां मौका मिलता है, वहीं पर फोड़ देते हैं। शिवराज ऐसे नेता हैं जो घोषणाओं की राजनीति करते हैं। वहीं पूर्व सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी पुलिस-प्रशासन के अधिकारी बीजेपी का बिल्ला लेकर जेब में घूम रहे, वो याद रखें कि दो के बाद तीन आता है।












Click it and Unblock the Notifications