MP News: छात्रों के लिए सुनहरा अवसर, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा में प्रवेश की समय-सारणी जारी, 1 जून तक करें पंजीयन
MP News: तकनीकी शिक्षा की ओर पहला कदम रखने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए बड़ी और बहुप्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। मध्य प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग ने पॉलिटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा कोर्सेस में प्रवेश हेतु समय-सारणी जारी कर दी है।
इस वर्ष कक्षा 10वीं पूरी कर चुके या फिर इस वर्ष परीक्षा दी है, ऐसे छात्र अब 1 जून 2025 की रात 11:45 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

यह घोषणा उन हजारों छात्रों के लिए राहत लेकर आई है, जो तकनीकी क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं - चाहे वह मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल या कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग ही क्यों न हो।
प्राचार्य ने दी पूरी जानकारी
पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य डॉ अभिरुचि सिंह ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी MP Online पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है, ताकि किसी भी छात्र को किसी कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
डॉ सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वे छात्र जो अभी सत्र 2024-25 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हैं और जिनका परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है, वे भी पूर्व पंजीयन करा सकते हैं। ऐसे छात्रों को परिणाम आने के बाद काउंसलिंग पोर्टल पर अपने अंक और प्रमाण पत्र अपलोड करने होंगे, ताकि वे प्रक्रिया में आगे बढ़ सकें।
MP News: क्यों खास है ये मौका?
मध्य प्रदेश के पॉलिटेक्निक कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को न केवल तकनीकी शिक्षा मिलती है, बल्कि ये कोर्सेस तीन वर्षों में छात्रों को जॉब रेडी बनाते हैं। कई सरकारी और निजी कंपनियां इन डिप्लोमा धारकों को सीधी नौकरी देती हैं।
इसके अलावा, डिप्लोमा के बाद छात्र सीधा इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश भी ले सकते हैं। यानी, यह एक ऐसा रास्ता है जो तकनीकी करियर की बुनियाद रखता है और साथ ही कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी प्रदान करता है।
- इन विषयों में होगा प्रवेश
- पॉलिटेक्निक डिप्लोमा के तहत जिन विषयों में प्रवेश दिया जाएगा, उनमें प्रमुख हैं:
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग
- इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
- कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
- सिविल इंजीनियरिंग
इन सभी क्षेत्रों में आज के दौर में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, और डिप्लोमा की पढ़ाई के दौरान भी छात्रों को इंटरनशिप और लाइव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से इंडस्ट्री से जुड़ने का मौका मिलता है।
MP News: आवेदन कैसे करें?
- छात्र www.mponline.gov.in पोर्टल पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:
- 10वीं की मार्कशीट या रोल नंबर (यदि परिणाम घोषित नहीं हुआ है)
- आधार कार्ड
- पासपोर्ट साइज फोटो
- मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
- जाति/आवश्यक प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
क्या कहते हैं शिक्षा विशेषज्ञ?
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पॉलिटेक्निक डिप्लोमा उन छात्रों के लिए एक 'स्किल बेस्ड शॉर्टकट' है जो जल्दी नौकरी करना चाहते हैं। जहां एक ओर पारंपरिक कॉलेज डिग्रियों में 4-5 साल लग जाते हैं, वहीं पॉलिटेक्निक में 3 साल में छात्र तकनीकी दक्षता हासिल कर लेते हैं, जो उन्हें सीधे रोजगार की दुनिया में उतार देता है।
छात्रों और अभिभावकों से अपील
प्राचार्य डॉ अभिरुचि सिंह और तकनीकी शिक्षा विभाग ने सभी योग्य छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते 1 जून 2025 से पहले पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि काउंसलिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सपना अब दूर नहीं
आज के दौर में डिग्री से ज़्यादा स्किल की कीमत है, और पॉलिटेक्निक डिप्लोमा इस रास्ते की मजबूत नींव है। जो छात्र 10वीं के बाद जल्द आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, उनके लिए यह मौका किसी वरदान से कम नहीं। अब आपके सपनों और करियर की शुरुआत के बीच बस एक क्लिक की दूरी है।












Click it and Unblock the Notifications