MP News: जिस सांप ने युवक को काटा उसी को बोरी में भरकर पहुंचा अस्पताल, अनोखा है पूरा मामला
Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिला से अनोखा मामला सामने आया है।यहां एक शख्स को उस समय सांप ने डस लिया, जब वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गया था।
जिसके बाद वह काटने वाले सर्प को लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में मौजूद कुछ लोग डर कर बाहर निकल गए। पीड़ित शख्स का नाम बबलू सोनकर है।

जानकारी मुताबिक अजयगढ़ का रहने वाला बबलू सोनकर किसी के अंतिम संस्कार में मुक्तिधाम गया हुआ था। इसी दौरान बबलू को जहरीले सांप ने पैर में डस लिया। बबलू ने दिलेरी दिखाते हुए उस सांप को पकड़ लिया और झोली में बंद कर लिया है।
इसके बाद बबलू बिना किसी देरी के जहरीले सांप के साथ अपना उपचार कराने अजयगढ़ अस्पताल पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। अस्पताल में ये खबर जैसे ही फैली कि जिस युवक को सांप ने काटा, वह उस सांप को अपने साथ लेकर आया है, तो वहां भीड़ लग गई।
फिलहाल पीड़ित बबलू सोनकर की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। लोग बबलू की बहादुरी की चर्चा कर रहे हैं। जो सांप काटे, उसे ही पकड़ लेना एक दिलेरी का काम है।
हालांकि अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर सर्प उनके हवाले कर दिया और युवक का इलाज शुरू कर दिया। वहीं युवक की हालत भी बेहतर बताई जा रही है।
दुनियाभर में सांप के काटने से होने वाली मौतों की संख्या में भारत सबसे आगे है। WHO के अनुसार हर साल 83 हजार लोग सांप के दंश का शिकार होते हैं और उनमें से 11 हजार की मौत हो जाती है। मौत का सबसे बड़ा कारण है तुरंत प्राथमिक इलाज न होना। भारत में सांपों की लगभग 236 प्रजातियां हैं। इनमें से ज्यादातर सांप जहरीले नहीं होते।
आम धारणा है कि सभी सांप खतरनाक होते हैं। लेकिन ऐसे सांपों के काटने से सिर्फ जख्म होता है, मौत दहशत के कारण हो जाती है। देश में जहरीले सांपों की 13 प्रजातियां हैं, जिनमें से चार बेहद जहरीले होते हैं- कोबरा (नाग), रस्सेल वाइपर, स्केल्ड वाइपर और करैत। देश में सबसे ज्यादा मौतें नाग या गेहुंवन व करैत के काटने से होती हैं।












Click it and Unblock the Notifications