भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बों में तैयार हुआ 320 बेड का आइसोलेशन वॉर्ड, होंगी ये सुविधाएं
भोपाल, अप्रैल 25। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी कोरोना की दूसरी लहर का कहर देखने को मिल रहा है। राजधानी में संक्रमण इस तेजी से फैल रहा है कि अस्पतालों में ऑक्सीजन के साथ-साथ अब बेड की भी किल्लत होने लगी है। भोपाल में कोरोना की वजह से होने वाली मौत के आंकड़े भी बहुत ज्यादा है। इस बीच पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेन के 20 कोच में आइसोलेशन वॉर्ड तैयार कर दिए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी थी।

320 बेड की है व्यवस्था
आपको बता दें कि इन आइसोलेशन वॉर्ड में 320 बेड की व्यवस्था की गई है। 25 अप्रैल यानि कि आज से इसकी शुरुआत हो गई है। आज से यहां पर कोविड मरीजों को रखना शुरू हो जाएगा। भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर इन आइसोलेशन कोचेस को लगाया गया है।
आइसोलेशन वॉर्ड में होंगी ये सुविधाएं
इन वॉर्ड में भी कोविड मरीजों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां तक कि मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था भी की गई है। ट्रेन के कोच को पूरी तरह से अस्पताल के बेड की तरह बनाया गया है। कोच में गर्मी का असर कम करने के लिए छत पर घास बिछाई गई है। इस घास को नियमित रूप से ठंडा भी किया जाएगा। हालांकि यहां पर मरीजों के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम नहीं होगा, इसलिए यहां पर गंभीर मरीजों को नहीं रखा जाएगा।
आपको बता दें कि भोपाल में कोरोना के संक्रमण की वजह से मरीजों की जान लगातार जा रही है। हाल ही में भोपाल के 2 श्मशान और एक कब्रिस्तान ने दावा किया था कि बीते बुधवार को 137 कोरोना संक्रमित मरीजों का अंतिम संस्कार किया गया था। वहीं सरकारी आंकड़ों में उस दिन मौत का आंकड़ा 5 था।












Click it and Unblock the Notifications