'यह मुस्लिम नहीं, मुल्ला पर्सनल लॉ बोर्ड है', तालिबान की तारीफ पर बोले योगी के मंत्री मोहसिन रजा
लखनऊ, 18 अगस्त: समाजवादी पार्टी के सांससद शफीकुर्रहमान बर्क और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना सज्जाद नोमानी के तालिबान के समर्थन में दिए गए बयान पर बीजेपी ने निशाना साधा है। योगी सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड नहीं इसका नाम मुल्ला पर्सनल लॉ बोर्ड है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की विचारधारा अब सामने आ रही हैं, क्योंकि इन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

मुल्ला पर्सनल लॉ बोर्ड है ये: मोहसिन रजा
मैंने पहले भी कहा था कि ये मुल्ला पर्सनल लॉ बोर्ड है ये मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड नहीं है। इन मुल्लाओं का का विचार क्या हो सकता है, ये नौजवानों को आईएसआईएस की तरफ ले जाना चाहते हैं। ये युवाओं को आतंक की आग में झोंकना चाहते हैं। जिस तरह ये तालिबान से इंप्रेस होकर तालिबान को अपना आदर्श मान रहे हैं, देश को इनसे बहुत खतरा है।
मोहसिन रजा ने कहा- 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' गैंग के साथ खड़ी होती है सपा
सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क की ओर से तालिबान का समर्थन करने पर मोहसिन रजा ने कहा, 'समाजवादी पार्टी और अन्य राजनीतिक दल हमेशा से ही आतंकियों को महिमामंडन करते हैं। ये हमेशा 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' गैंग के साथ खड़े होते हैं।' उन्होंने कहा, 'अगर समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में आती है तो वह आतंकियों पर से मुकदमे हटाने की बात करती है।'
नोमानी ने कहा- तालिबान को मुबारक हो
नोमानी ने कहा, 'तालिबान को मुबारक हो। आपका दूर बैठा हुआ ये हिंदी मुसलमान आपको सलाम करता है, आपके गर्व और आपकी हिम्मत को सलाम करता है। आपके जज्बे को सलाम करता है। ये मंजर पूरी दुनिया ने देख लिया कि जिसने आपकी बात नहीं मानी, आपने उसे भी गले लगाया, आम माफी का ऐलान कर दिया। अगर कोई अपने इलाके से जाना चाहता था तो आपने उसे जाने दिया। पूरे देश में महिलाओं से बदसलूकी का एक भी वाक्या नहीं सामने आया। इस तरह के झूठे इल्जाम आप पर बहुत लगते रहे हैं। मजहबी तौर पर भी जोर-जबरदस्ती नहीं की गई। अब बाजार खुल गए, बच्चियां स्कूल जाती दिखाई दे रही हैं। मैं सभी को सलाम-ए-मोहब्बत भेजता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications