Unlock 1: यूपी में भी 30 जून तक बढ़ा लॉकडाउन, 8 जून से खुल जाएंगे धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल और रेस्टोरेंट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लॉकडाउन 5 को लेकर रविवार को गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। नई गाइडलाइंस के अनुसार, अनलॉक के पहले चरण में धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट 8 जून से खोल दिए जाएंगे। हालांकि, इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग समेत अन्य सभी ऐहतियात का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नई गाइडलाइंस 1 जून से लागू कर दी जाएंगी। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने रविवार को बताया कि आज टीम 11 की बैठक में 1 जून से प्रदेश के लिए लॉकडाउन की गाइडलाइन जारी करने पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे संबंधित आदेश जारी किए हैं।
Recommended Video

आठ जून से खुलेंगे मंदिर, शॉपिंग मॉल
अवनीश अवस्थी ने बताया, प्रदेश में 8 जून से धार्मिक स्थल और पूजा स्थलों को खोला जाएगा। होटल, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल भी 8 जून से खुलेंगे। इन सब को भारत सरकार की गाइडलाइंस और प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस के तहत ही खोलने की अनुमति होगी। दूसरे चरण में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, शैक्षणिक संस्थान, प्रशिक्षण संस्थान आदि ये जुलाई 2020 से खुलेंगे। इसके लिए भारत सरकार जब दिशानिर्देश जारी करेगी तब राज्य सरकार आदेश जारी करेगी।सैलून और ब्यूटी पार्लरों को सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य प्राथमिक उपायों की शर्तों के साथ खुले रहने की अनुमति है। सैलून और ब्यूटी पार्लरों में काम करने वाले कर्मचारियों को काम करते समय फेस्ट शील्ड और ग्लव्स पड़ेगा।

अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं, मेट्रो सेवाएं अगले आदेशों तक बंद
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं, मेट्रो सेवाएं अगले आदेशों तक बंद रहेंगी। कंटेनमेंट जोन के लिए जो गतिविधियां भारत सरकार ने निर्धारित की हैं सिर्फ उन्हीं गतिविधियों की कंटेनमेंट जोन में अनुमति होगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की गतिविधियां, डोर-टू-डोर सर्वे, आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था और सफाई की व्यवस्था की अनुमति होगी।

तीन पालियों में खुलेंगे सरकारी कार्यालय
सभी सरकारी कार्यालयों के लिए अब आदेश यह हैं कि अब 100 प्रतिशत अटेंडेंस होंगी, लेकिन तीन पालियों में कार्यालय खुलेंगे। पहली पाली सुबह 9 से 5 बजे की होगी, दूसरी पाली 10 से 6 बजे की होगी, तीसरी पाली 11 से 7 बजे की होगी। सरकार की तरफ से निर्देश दिया गया है कि सब्जी मंडी जो थोक की मंडी हैं वो सुबह खुल जाएं, रिटेल का काम सुबह 6 से 9 बजे तक कर लें, लेकिन फल सब्जी मंडी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 12 घंटे के लिए खोली जाएंगी। रोडवेज बसों को प्रदेश के अंदर चलने की अनुमति दी गई है, लेकिन बसों में हर यात्री के लिए फेस मास्क जरूरी होगा, यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी होगी। बसों को सैनिटाइज भी करना होगा।

टेस्टिंग क्षमता को विकसित कर 10,000 से अधिक कर लिया गया: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश में अन्य राज्यों से 30 लाख प्रवासी श्रमिक और कामगार आए। सभी मानते थे कि इनके कारण अव्यवस्था फैलेगी, लेकिन हमने माना कि वे हमारी ताकत हैं। उन्होंने कहा, मार्च 2020 के प्रथम सप्ताह में जब प्रदेश में कोरोना वायरस कोविड-19 का पहला मामला प्रकाश में आया था, उस समय राज्य में इसकी टेस्टिंग क्षमता मात्र 50 थी। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश की टेस्टिंग क्षमता को विकसित कर 10,000 से अधिक कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications