श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से यूपी आ रहे प्रवासियों का किराया देगी योगी सरकार, अब तक तीन लाख से अधिक प्रवासी लौटे प्रदेश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन में टीम-11 के साथ कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रवासी कामगार व श्रमिकों को प्रदेश लाने की व्यवस्था में तेजी लाया जाने के निर्देश दिए हैं। इसके क्रम में अब प्रदेश सरकार ने रेल मंत्रालय से प्रवासियों के लिए ट्रेन संचालन का अनुरोध किया है। इन ट्रेन में किसी भी प्रवासी से किराया नहीं लिया जाएगा। प्रदेश सरकार यूपी आने वाली ट्रेन का किराया देगी।

अबतक प्रदेश आ चुकीं 318 ट्रेनें
अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि विभिन्न राज्यों से अब तक प्रदेश में 318 ट्रेन आ चुकी हैं। प्रदेश में अब तक गुजरात से 174, महाराष्ट्र से 51, पंजाब से 51, कर्नाटक से 12 तथा अन्य प्रदेशों से भी कई दर्जन ट्रेन उत्तर प्रदेश में आई हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 67 ट्रेन से प्रवासी अपने-अपने घर पहुंचे हैं। अभी 174 और नई ट्रेन आनी हैं। लखनऊ के साथ गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अमेठी, आजमगढ़, उन्नाव, कानपुर तथा गोंडा में पहुंची ट्रेन में बड़ी संख्या में प्रवासी आए हैं।

सबसे अधिक प्रवासी यूपी में आए
अवनीश अवस्थी ने बताया कि देश में सबसे अधिक प्रवासी कामगार उत्तर प्रदेश में आए हैं। अब तक 268 ट्रेनों के माध्यम से तीन लाख से अधिक प्रवासी कामगार एवं श्रमिक यहां आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 318 ट्रेनों से करीब चार लाख प्रवासी कामगार एवं श्रमिक आए हैं। कामगार एवं श्रमिकों को मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद खाद्यान्न देकर घरों में अलग रहने के लिए भेजा जा रहा है।

श्रमिकों का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी
अवनीश अवस्थी ने बताया कि इससे पहले परिवहन विभाग की बसों से 72 हजार से अधिक श्रमिकों व कामगारों को प्रदेश में वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर निर्देश दिया है कि कोई भी प्रवासी पैदल अपने घरों की ओर न चले। उन्होंने कहा कि सभी को लाने का प्रयास चल रहा है। सभी अपने-अपने घर पहुंचेंगे। कहीं पर भी लोग पैदल न चलें। उनका पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। इसके साथ ही जिला व पुलिस को आदेश जारी किया गया है कि कहीं पर भी किसी को पैदल न चलने दें।












Click it and Unblock the Notifications