लखनऊ: आईएएस सुशील मौर्य की कोरोना संक्रमण से मौत, 10 दिन से पीजीआई में चल रहा था इलाज
लखनऊ। देशभर में कोरोना का संक्रमण अब घातक रूप लेता जा रहा है। कोरोना ने की चपेट में आए उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस सुशील कुमार मौर्य का एसजीपीजीआई में निधन हो गया। सुशील कुमार 27 अगस्त से एसजीपीजीआई में भर्ती थे। उन्हें कोविड हॉस्पिटल के आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। सोमवार की सुबह छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। आईएएस सुशील कुमार मौर्य यूपी सरकार में प्रशासनिक अधिकारी थे। उनकी तैनाती भाषा विभाग में विशेष सचिव के पद पर थी। बता दें, इससे पहले योगी सरकार के दो कैबिनेट मंत्रियों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है।

27 अगस्त से एसजीपीजीआई में भर्ती थे सुशील कुमार
जानकारी के मुताबिक, आईएएस सुशील कुमार को कोरोना के लक्षण नजर आने पर 27 अगस्त में लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें कोविड हॉस्पिटल के आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया। हालत बिगड़ने पर सुशील कुमार को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। सोमवार की सुबह छह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। 53 वर्षीय सुशील कुमार मूल रूप से यूपी के जौनपुर के रहने वाले थे। उनका चयन 1994 में यूपी पीसीएस में हुआ था। 2010 में प्रमोशन के बाद वह पीसीएस से आईएएस हो गए थे। उनकी तैनाती यूपी के मैनपुरी, सुल्तानपुर, बलिया, गाजीपुर समेत कई जिलों में रही हैं।
यूपी में लगातार बढ़ रहा कोरोना वायरस का खतरा
बता दें, उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में कुल 2.66 लाख कोरोना वायरस केस हो गए हैं, जबकि करीब चार हजार लोगों की जान गई है। राजधानी लखनऊ सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 32 हजार से अधिक केस हैं, जबकि 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में रविवार को 24 घंटों के दौरान कोरोना से 77 लोगों की मौत हुई, जिसके कारण यूपी में कोरोना से दम तोड़ने वालों का आंकड़ा 3,920 हो गया। वहीं 6,777 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए।












Click it and Unblock the Notifications