1.25 करोड़ कोविड टेस्ट करने वाला देश का पहला राज्य बना यूपी, रिकवरी रेट भी बढ़ा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश 1.25 करोड़ कोविड टेस्ट करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को ये जानकारी देते हुए बताया कि कल प्रदेश में 1 लाख 54 हजार 163 टेस्ट किए गए हैं। प्रदेश में कोरोना के टेस्टिंग की कुल संख्या अब 1 करोड़ 25 लाख 09 हजार 210 है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 3 हजार 239 लोग कोविड से ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। अब प्रदेश में कोरोना से रिकवर होने के बाद डिस्चार्ज हुए लोगों की कुल संख्या 4 लाख 04 हजार 545 है। रिकवरी रेट लगभग 90.42 प्रतिशत हो गया है। वहीं, राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 36 हजार 295 है।

लखनऊ, कानपुर नगर व वाराणसी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी और सतर्कता अत्यन्त आवश्यक है। अतः इसमें ढिलाई न बरती जाए। राज्य में कोविड-19 संक्रमण की जांच की व्यवस्था लगातार सुदृढ़ की जा रही है, जिसके चलते आज तक प्रदेश में 1.25 करोड़ कोविड-19 टेस्ट किए जा चुके हैं। 30 सितम्बर तक कोविड-19 टेस्ट की संख्या 1 करोड़ थी। बीते 15 दिन में कोविड-19 टेस्ट की संख्या में 25 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है। मुख्यमंत्री ने जनपद लखनऊ, कानपुर नगर व वाराणसी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
'मिशन शक्ति' अभियान की शुरुआत
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 17 अक्टूबर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का अभियान 'मिशन शक्ति' के नाम से प्रदेश में चलाया जाएगा। जिलाधिकारियों को, मंडल आयुक्तों को, पुलिस आयुक्तों को, पुलिस अधीक्षकों को, सभी अधिकारियों और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े सभी विभागों के समन्वय की एक समिति बना दी गई है, यह अभियान 180 दिन चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications