UP News: आगामी कुंभ में दुनिया भारत का सांस्कृतिक वैभव देखेगी: सीएम योगी
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगमनगरी के दौरे के दौरान जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। सीएम योगी ने उच्च अधिकारियों के साथ संगम तट पर महाकुंभ और माघ मेला की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक भी की है। उन्होंने कहा कि 2019 के दिव्य और भव्य महाकुंभ को यूनेस्को द्वारा मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर घोषित किया गया है। साल 2025 के महाकुंभ से दुनियाभर की अपेक्षाएं जुड़ी हुई है। संसार के समक्ष अपने को भारत के नए प्रतीक चिन्ह के रूप में प्रस्तुत करने का यह स्वर्णिम अवसर है। आगामी कुंभ में दुनिया भारत का सांस्कृतिक वैभव देखेगी।
संगम नोज पर की गंगा की पूजा अर्चना
सीएम योगी ने प्रयागराज पहुंचने के बाद सबसे पहले वीआईपी घाट पर मां गंगा की पूजा अर्चना की। उसके बाद वह संगम नोज पहुंचे। यहां उन्होंने मेला अधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों का पूरा जायज लिया। वहां से मुख्यमंत्री किला घाट पर बने पक्के घाट का निरीक्षण कर किले के अंदर भी तैयारी को देखा। इसके बाद वह किला घाट दशाश्वमेघ घाट के निर्माण कार्य एवं अक्षय वट, पातालपुरी और सरस्वती कूप कॉरिडोर आदि के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को समय पद और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

माघ मेले की तैयारियों की समीक्षा की
सीएम योगी ने माघ मेले की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि इस महाकुंभ के पूर्वाभ्यास के तौर पर ले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता सांस्कृतिक समृद्धि एवं पर्यटन की सुविधाओं को प्रदर्शित करते हुए हम इस बार महाकुंभ को और दिव्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आयोजन के दौरान स्वच्छता के मानक गढ़ें और इस बात का ध्यान रखें कि मेला में प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग न होने पाए। इसके लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग करते हुए श्रद्धालुओं को जागरूक करें।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ और माघ मेला के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करके भीड़ नियंत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि साधु-संतों और कल्पवासियों को समुचित व्यवस्था मिले साथ ही किसी भी श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न होने पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों को दुरुस्त करने के साथ बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि महाकुंभ और माघ मेला के दौरान स्थानीय कलाकारों की कला शिल्प की बिक्री के लिए प्रदर्शनी लगाएं। इससे कलाकारों की आजीविका में मदद मिलेगी।
पांटून फेब्रिकेशन के कार्यों का किया निरीक्षण
सीएम योगी पांटून फेब्रिकेशन के कार्यों का निरीक्षण करने के लिए परेड ग्राउंड मैदान स्थित पांटून कार्यशाला पहुंचे। सीएम योगी के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लोक निर्माण विभाग मंत्री जितेंद्र प्रसाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications