योगी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह का कांग्रेस पर वार, कहा- कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है सरदारों पर नरसंहार
लखनऊ, 06 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी मामले में हो रही सियासत के बीच यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि इस आजाद देश में अगर सरदारों पर नरसंहार हुआ है तो वह कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है और इमरजेंसी लगाकर किया गया है। ये भूल जाते हैं जब इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी तो नरसंहार सरदारों पर हुआ था, सिख समुदाय पर किया गया था।

लखीमपुर हिंसा में 8 लोगों की हुई थी मौत
लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर को किसानों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें चार किसान भी शामिल हैं। घटना के बाद से ही मामले को लेकर सियासत गर्म है। विपक्ष लगातार प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर है। मंगलवार शाम को जारी की गई एफआईआर अनुसार, "लखीमपुर खीरी में विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसानों को कुचलना केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और उनके बेटे की एक सुनियोजित साजिश थी।"
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे पर FIR
किसानों की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा ने लखीमपुर खीरी में विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसानों की सभा में पहुंचकर उन पर फायरिंग की थी, जिसमें एक किसान की मौत हो गई थी। विपक्षी दलों के नेता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे और उनके बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
राहुल, प्रियंका को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति
उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा तीन अन्य लोगों को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दी है। राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। इससे पहले लखीमपुर खीरी जाने कोशिश कर रही प्रियंका गांधी को सीतापुर में हिरासत में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications