Akhilesh Yadav ने लॉन्च किया ‘समाजवादी इत्र', सपा MLC ने बताया 2022 में किस काम आएगा
लखनऊ, 9 नवंबर: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव सभी राजनीतिक पार्टियां मैदान में उतर चुकी हैं। राजनीतिक पार्टियां जनता को लुभाने के लिए तरह-तरह के हथकंड़े अपना रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'समाजवादी इत्र' नाम से एक परफ्यूम लॉन्च कर दिया है। सपा एमएलसी पुष्पराज जैन ने कहा कि इस परफ्यूम से 2022 में नफरत खत्म होगी।

4 महीने में तैयार हुआ 'समाजवादी इत्र'
'समाजवादी इत्र' को कन्नौज से एसपी एमएलसी पम्मी जैन ने तैयार किया है। पम्मी जैन का कहना है कि इसे तैयार करने में 4 महीने का समय लगा और इसे दो वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस परफ्यूम में कश्मीर से कन्याकुमारी तक 22 नेचुरल परफ्यूम का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा एक और परफ्यूम तैयार की जा रही है, जिसे 2024 में लांच किया जाएगा।

'समाजवाद की सुगंध होगी महसूस, भाईचारा बढ़ेगा'
सपा एमएलसी ने दावा किया है कि इस इत्र के इस्तेमाल से समाजवाद की सुगंध महसूस की जा सकेगी और इस परफ्यूम को लगाने से भाईचारा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस परफ्यूम में 22 तरह के नेचुरल परफ्यूम का इस्तेमाल इसलिए किया गया है, जिससे देश में फैली नफरत को खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस परफ्यूम के बाद एक और नेचुरल परफ्यूम बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसे 2024 में लॉन्च किया जाएगा।

इत्र के डिब्बे पर अखिलेश यादव
परफ्यूम के डिब्बे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीर लगी है। पार्टी के चिन्ह और रंग हैं। बॉक्स के पीछे सपा एमएलसी पुष्पराज जैन ने अपना नंबर भी दिया है। इत्र की कांच की बोतल लाल और हरे रंग में है, जिस पर समाजवादी पार्टी और साइकिल का चिन्ह भी है। बता दें, समाजवादी पार्टी ने 12 अक्टूबर को कानपुर से 'विजय रथ यात्रा' के साथ राज्य में अपने अभियान की शुरुआत की थी। गठबंधन की राजनीति में अपने अनुभव को याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बड़ी पार्टियों का सपा के साथ कोई गठजोड़ नहीं होगा। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि सपा का कांग्रेस या बसपा के साथ कोई गठबंधन होगा।" उन्होंने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ "भाजपा जानती है कि सपा असली चुनौती है" और इसलिए वह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की बढ़ती ताकत के बारे में गलत धारणा बनाने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications