UP election 2022: सीएम योगी ने लॉन्च किया बीजेपी का चुनावी गीत, दिया नया नारा
लखनऊ, 21 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के पहले चरण के लिए नामांकन का कार्यक्रम संपन्न होकर दूसरे चरण का नामांकन शुरू हो गया है। इस मौके पर लखनऊ के भाजपा मुख्यालय में बीजेपी ने अपनी प्रचार सामग्री के शुभारंभ के साथ चुनाव प्रचार के लिए थीम सॉन्ग को भी लॉन्च किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद रहे। अब तक के चुनावी कैंपेन में 'काम दमदार योगी सरकार' का नारा ही चल रहा था, लेकिन अब चुनाव को देखते हुए इसमें 'यूपी में फिर एक बार भाजपा सरकार' को भी जोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''हमारी सरकार ने 43 लाख गरीबों को मकान दिया। 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को घरों में शौचालय दिए। 1 करोड़ 56 लाख परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, 9 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कवर भी दिया।'' उन्होंने कहा कि जो दंगाई कभी प्रदेश की शांति और सौहार्द के लिए खतरा बने हुएु थे और पिछली सरकार में सत्ता का संरक्षण रखते थे, आज उन्हीं दंगाइयों के पोस्टर सड़क व चौराहों पर लगे हुए हैं। योगी सपा, बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकार में मुख्यमंत्री अपना मकान बनाते थे, लेकिन हमारी सरकार ने गरीबों को एक-एक आवास दिया है। सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा सरकार में चीने मिलें बंद रहती थीं, सालों तक का गन्ना भुगतान बकाया रहता था, लेकिन हमारी सरकार में गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। यही नहीं सपा, बसपा सरकार में बकाया गन्ने का भुगतान भी हमारी सरकार ने किया है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, राज्य के अंदर गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार व्यापक रूप से फैला हुआ था, लेकिन योगी सरकार ने प्रदेश से माफिया राज को पूरी तरह से समाप्त कर दिया। आज प्रदेश में बहन-बेटियां रात 12 बजे भी घर से निकल सकती हैं। कहीं भी आ जा सकती हैं, कोई उन्हें रोकने वाला नहीं है। ये माहौल ये सुरक्षा योगी सरकार ने प्रदेश को दिया है। आज प्रदेश में किसी भी नियुक्तियों में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सकता है। नहीं तो पहले भर्ती के लिए लूट मची रहती थी।












Click it and Unblock the Notifications