पेगासस जासूसी केस: सीएम योगी ने कहा- देश की छवि को धूमिल करना विपक्ष का एजेंडा बन चुका
लखनऊ, 20 जुलाई: पेगासस जासूसी केस को लेकर विपक्ष के हंगामे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह नकारात्मक भूमिका में है और जाने अनजाने उन अंतर्राष्ट्रीय साजिशों का शिकार हो रहा है जो किसी न किसी रूप में भारत को अस्थिर और अस्त-व्यस्त करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को खराब करने और भारत को अस्थिर करने के लिए जिन मंसूबों के साथ विपक्ष काम कर रहा है वो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
Recommended Video

देश की छवि को धूमिल करना विपक्ष का एजेंडा बना: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नकारात्मक राजनीति से न देश का कल्याण होने वाला है और न ही विपक्ष और न जनता का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि देश के नेतृत्व और देश की छवि को धूमिल करना विपक्ष का एजेंडा बन चुका है, लेकिन उनकी कोशिश कभी पूरी नहीं होगी। योगी ने कहा कि जनता उन्हें वैसे ही जवाब देगी, जैसे 2019 से पहले दिया था। उस समय भी राष्ट्रीय सुरक्षा के मसलों को लेकर विपक्ष ने ऐसा ही हंगामा खड़ा किया था।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान विपक्ष के इस नकारात्मक रवैये के कारण भारत की छवि पहले ही काफी आहत हुई। तथ्यहीन और झूठे आरोप लगाकर देश के यशस्वी नेतृत्व को बदनाम करना, देश की छवि को लगातार धूमिल करना विपक्ष के एजेंडे का हिस्सा बन चुका है।
क्या है पेगासस जासूसी मामला ?
बता दें, रविवार को न्यूज वेबसाइट 'द वायर' ने अपनी एक रिपोर्ट में खुलासा किया था कि एक अज्ञात एजेंसी ने पेगासस स्पाइवेयर का इस्तेमाल करते हुए भारतीय पत्रकारों और नेताओं को निशाना बनाया है। 'द वायर' की रिपोर्ट के मुताबिक, लीक हुए डेटा में 300 भारतीय मोबाइल नंबर शामिल हैं। जिनमें 40 मोबाइल नंबर भारतीय पत्रकारों के हैं। तीन बड़े विपक्षी नेता, मोदी सरकार में शामिल दो केंद्रीय मंत्री, सुरक्षा एजेंसियों के मौजूदा-पूर्व प्रमुख और अधिकारी, बिजनेसमैन शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन नंबरों को 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले 2018-2019 के बीच निशाना बनाया गया था। इस मामले पर सरकार की ओर से सफाई आई थी। सरकार ने हैकिंग में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि विशेष लोगों पर सरकारी निगरानी के आरोपों का कोई ठोस आधार या इससे जुड़ी सच्चाई नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications