यूपी 69000 शिक्षक भर्ती: 6 हजार आरक्षित वर्ग के लोगों को मिलेगी नौकरी, 17 हजार पदों पर नई भर्ती
लखनऊ, 24 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राज्य बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने जानकारी दी है कि 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण की प्रक्रिया में विसंगति से प्रभावित आरक्षित वर्ग के लगभग 6000 अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी और इसके अतिरिक्त 17 हजार रिक्त पदों पर नई भर्ती होगी। इससे पहले राज्यमंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने एक लेटर जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि, 69000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण की विसंगति को दूर करने के लिए आरक्षित वर्ग के प्रभावित अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया आज से ही प्रारंभ कर दी गई है।
Recommended Video

राज्यमंत्री डॉ. द्विवेदी की ओर से जारी लेटर में बताया गया है कि शुक्रवार को राज्य सूचना विज्ञान केंद्र को प्रॉसेस फ्लो उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की चयन सूची 28 दिसंबर तक तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सूचना विज्ञान केंद्र की ओर से प्राप्त कराई गई चयन सूची का परीक्षण 29 दिसंबर तक किया जाएगा। राज्य सूचना विज्ञान केन्द्र की वेबसाइट पर सूची का प्रकाशन भी 30 दिसंबर को कर दिया जाएगा। सूची प्रकाशित होने के बाद जिले स्तर पर नए साल पर 6 जनवरी को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी करीब डेढ़ साल से आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित 18598 सीटों में से 5844 सीटें सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को दे दी गई हैं। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी सरकार को इस मामले में लेटर भेजा है। ये अभ्यर्थी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मिल कर अपनी बात कहते आ रहे हैं।
इसको लेकर गुरुवार को सीएम योगी से 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण की विसंगति को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने मुलाकात की थी। सीएम योगी ने इसका संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग को समस्या के त्वरित और न्यायसंगत समाधान के लिए निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश मिलते ही विभाग हरकत में आया और शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने एक हफ्ते में भर्ती की औपचारिकता पूरी करने की घोषणा कर दी।












Click it and Unblock the Notifications