ललितपुर मामले में शिवपाल का योगी सरकार पर निशाना, बोले- यूपी बेटियों के लिए इतना असुरक्षित कभी नहीं था
लखनऊ, 04 मई: प्रसपा प्रमुख और सपा विधायक शिवपाल यादव के बीजेपी में जाने की चर्चा के बीच नया मोड़ सामने आया है। दरअसल, शिवपाल यादव ने ललितपुर में किशोरी से रेप के मामले में प्रदेश की योगी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। शिवपाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बेटियों के लिए इतना असुरक्षित और असंवेदनशील कभी नहीं था। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Recommended Video
शिवपाल ने कहा- न जाने कितनी निरीह बेटियां ऐसी होंगी...
शिवपाल सिंह यादव ने ललितपुर मामले में दो ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, ''ललितपुर में एक 13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप और फिर शिकायत लेकर जाने पर थानेदार द्वारा बलात्कार की घटना पुलिस व्यवस्था की निष्ठुरता व नृशंसता की बानगी भर है। न जाने कितनी निरीह बेटियां ऐसी होंगी जिनके अपमान की करुण कथा नौकरशाही व पुलिस व्यवस्था की परिधि से बाहर ही न आ पाती होंगी।''
शिवपाल ने कहा - यूपी बेटियों के लिए इतना असुरक्षित कभी नहीं था
शिवपाल ने अपने अगले ट्वीट में लिखा, ''निःसंदेह उत्तर प्रदेश बेटियो के लिए इतना असुरक्षित और असंवेदनशील कभी नहीं था! प्रदेश सरकार को थानों में महिलाओं की तैनाती बढ़ाने व थानों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास करना होगा? साथ ही हमारी यह भी मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।''
क्या है ललितपुर का मामला ?
ललितपुर के पाली थाना क्षेत्र में किशोरी को अगवा कर चार लोगों ने रेप किया। पीड़ित बयान दर्ज कराने पाली थाने गई, जहां थानाध्यक्ष ने अपने कमरे में बुलाकर पीड़िता का रेप किया। किशोरी ने चाइल्ड लाइन को पूरी घटना बताई। एडीजी कानपुर जोन भानु भास्कर ने बताया कि मामले में थाना प्रभारी की संलिप्त्ता को देखते हुए उनको सस्पेंड कर उनके खिलाफ़ विभागीय कार्रवाई हो रही है। समस्त थाना पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जिससे जांच प्रभावित ना हो सके। एडीजी ने बताया कि ललितपुर जनपद में दुष्कर्म की घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रूप से FIR दर्ज़ किया गया। हमें मिले तथ्यों के आधार पर विवेचना कर 4 नामजद लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। बाकि नामजद लोगों की गिरफ़्तारी का प्रयास जारी है।












Click it and Unblock the Notifications