'बीजेपी के संपर्क में हूं, तो मुझे निकाल क्यों नहीं देते', अखिलेश के बयान पर भड़के शिवपाल का पलटवार
लखनऊ, 21 अप्रैल: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल यादव के बीच की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। अखिलेश यादव के शिवपाल यादव को इशारों ही इशारों में बीजेपी का करीबी बताते हुए उन्हें चले जाने की सलाह देने के एक दिन बाद शिवपाल का पलटवार सामने आया है। शिवपाल ने अखिलेश के बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि अगर उन्हें लगता है कि मैं बीजेपी के साथ हूं तो उन्हें तुरंत विधानमंडल से निकाल देना चाहिए। साथ ही शिवपाल यादव ने कहा कि वे जल्द ही आजम खान से मुलाकात करेंगे।

प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव को लेकर खबरें तेज हैं कि वो बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर शिवपाल अभी कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि समय आने पर सब पता चल जाएगा। वहीं, बुधवार को अखिलेश ने एक बयान में कहा कि इशारों-इशारों में शिवपाल के बीजेपी के करीब होने की बात कह डाली। अखिलेश ने साफ कहा कि जो बीजेपी से मिलेगा वो सपा में नहीं रहेगा।
शिवपाल यादव से गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'अगर अखिलेश को लगता है कि मैं गलत हूं, तो मुझे विधान मंडल दल से बाहर कर दें।' उन्होंने कहा कि वो समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने, लेकिन सपा के विधायकों की बैठक में उन्हें बुलाया नहीं गया। मैं सपा के 111 विधायकों में से एक हूं। वहीं, जब शिवपाल यादव से बीजेपी में जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो इसका जवाब सही समय पर देंगे। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता के बयान पर तटस्थ रहते हुए उन्होंने इसका समर्थन किया।
शिवपाल ने कहा कि वो जल्द ही आजम खान से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि आजम के साथ गलत हो रहा है और अखिलेश ने उनके लिए कुछ नहीं किया। बता दें, इसके पहले कई नेता अखिलेश यादव के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। बीते दिनों सहारनपुर के वरिष्ठ मुस्लिम नेता सिकंदर अली ने भी अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications