'BJP सैन्य बल तैयार कर रही है या अपने ऑफिसों के लिए सिक्योरिटी गार्ड', विजयवर्गीय के बयान पर सपा का हमला
लखनऊ, 19 जून: केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर जारी घमासान के बीच रविवार को बीजेपी के के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्निवीरों को भाजपा कार्यालय की सुरक्षा में तैनात करने की बात कह डाली। विजयवर्गीय के इस बयान को लेकर विपक्ष दलों ने बीजेपी सरकार का घेर लिया है। समाजवादी पार्टी के डिजिटल मीडिया कोर्डिनेटर मनीष जगन अग्रवाल ने कैलाश विजयवर्गीय का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, जनता पूछ रही है....अपने होनहार को 'बल्ला-प्रहार' का अनुशासनात्मक प्रशिक्षण कहाँ से दिलवाया था? भाजपा देश के लिए सैन्य बल तैयार कर रही है या अपने कार्यालयों के लिए सिक्योरिटी गार्ड? इस ट्वीट को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी रीट्वीट किया है।

Recommended Video
बीजेपी के के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में वह पत्रकारों से कहते हैं कि अगर वो पार्टी कार्यालय में सुरक्षा बनाए रखना चाहते हैं तो अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी। वह कहते हैं, ''जब एक अग्निवीर को मिलिट्री की ट्रेनिंग की जाएगी और जब वो 4 साल बाद नौकरी छोड़ेंगे तो उन्हें 11 लाख रुपए मिलेंगे। अगर मैं भाजपा कार्यालय की सुरक्षा के लिए नियुक्ति करना चाहता हूं तो मैं अग्निवीरों को प्राथमिकता दूंगा।''
अपने इस बयान को लेकर कैलाश विजयवर्गीय घिर गए हैं। कांग्रेस, सपा, शिवसेना और आप के साथ साथ बीजेपी के ही सांसद वरुण गांधी ने भी सवाल उठाए हैं। वरुण गांधी ने विजयवर्गीय पर सेवानिवृत्ति के बाद सैनिकों को चौकीदार की नौकरी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारी महान सेना की वीर गाथाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है। भारतीय सेना केवल नौकरी नहीं, भारत माता की सेवा करने का एक साधन भी है। उधर, अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ''देश के युवाओं और सेना के जवानों का इतना अपमान मत करो। हमारे देश के युवा दिन-रात मेहनत करके फ़िज़िकल पास करते हैं, टेस्ट पास करते हैं, क्योंकि वो फ़ौज में जाकर पूरा जीवन देश की सेवा करना चाहते हैं, इसलिए नहीं कि वो BJP के दफ्तर के बाहर गार्ड लगना चाहते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications