यूपी धर्मांतरण मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन बढ़ाई गई उमर गौतम की रिमांड
लखनऊ, 30 जून: यूपी एटीएस ने धर्मांतरण मामले में गुजरात एटीएस की मदद से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने वड़ोदरा के रहने वाले सलाउद्दीन को पकड़ा है। सलाउद्दीन को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है। एटीएस की मानें तो सलाउद्दीन और उमर गौतम के बीच फंडिंग का सीधा कनेक्शन सामने आया है। उधर, इस्लामिक दावा सेंटर (आईडीसी) के उमर गौतम की तीन दिन की रिमांड बढ़ा दी गई है। यूपी एटीएस उमर गौतम से और तीन दिन पूछताछ करेगी।

अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है
यूपी एटीएस जबरन धर्मांतरण के मामले में सबसे पहले आईडीसी के उमर गौतम और जहांगीर को गिरफ्तार किया था। यूपी एटीएस इन दोनों को रिमांड पर लेने के बाद पूछताछ कर रही है। दोनों एक के बाद एक कई राज उगल रहे हैं। इसके आधार पर एटीएस ने उनसे जुड़े लोगों की सूची तैयार की है। इसमें कानपुर के भी आठ लोगों का नाम शामिल हैं। कानपुर पुलिस को सूची दी गई है। अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यूपी एटीएस ने सोमवार को तीन लोगों को किया था गिरफ्तार
यूपी एटीएस ने बीते सोमवार को धर्मांतरण मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें बाल कल्याण मंत्रालय का इंटरप्रेटेटर इरफान ख्वाजा खान और अपना धर्म परिवर्तन कर चुके दो मूक बधिर राहुल भोला और मन्नू यादव उर्फ अब्दुल मन्नान शामिल थे। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया था कि मूक बधिरों की भाषा समझने और उन्हें अपनी भाषा समझाने वाला इरफान ख्वाजा ने मूक बधिरों को बहकाया, जिससे मूक बधिरों को अपने ही धर्म से नफरत होने लगी। इरफान मूक बधिरों को इस्लाम का ज्ञान देता था और दूसरे धर्मों की बुराइयां करता था।












Click it and Unblock the Notifications