प्रियंका गांधी ने सुदीक्षा भाटी का वीडियो किया ट्वीट, कहा- जिस बात की चिंता थी, उसी वजह से हुई मौत
लखनऊ। बुलंदशहर जिले की होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी की छेड़खानी और सड़क हादसे में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सुदीक्षा भाटी का कई साल पहले का एक वीडियो ट्वीट करते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। दरअसल, यह वीडियो कई साल पुराना है, जब सुदीक्षा एचसीएल फाउंडेशन ने विद्या ज्ञान स्कूल में कक्षा दसवीं की छात्रा थीं। तब सुदीक्षा ने कहा था कि उत्तर प्रदेश के जिस हिस्से से वह आती हैं, वहां लड़कियों के साथ छेड़खानी सबसे बड़ी समस्या है। यह छेड़खानी लड़कियों के करियर विकास और शिक्षा के आड़े आती है।

प्रियंका गांधी ने सुदीक्षा का वीडियो किया ट्वीट
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार शाम को सुदीक्षा भाटी का एक वीडियो ट्वीट किया है। साथ ही ट्वीट करते हुए लिखा है कि, 'सुदिक्षा की ये भावनात्मक स्पीच सुनिए। यूपी की इस बेटी का कहना था कि उसकी उम्र की बहुत सारी लड़कियों को छेड़खानी के चलते पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। आज इसी समस्या ने सुदिक्षा की जान ले ली। सरकार पूछेगी समस्या का हल कहां हैं? समस्या का हल बेटियों की आवाज में है? लेकिन आप सुनिए तो..।'
हमारे इलाके में छेड़खानी की घटनाएं बहुत ज्यादा: सुदीक्षा
बता दें कि इस वीडियो में सुदीक्षा भाटी भाषण दे रही हैं। वह कहती हैं, मैं उत्तर प्रदेश के उस हिस्से से ताल्लुक रखती हूं, जहां ज्यादातर लड़कियां प्राइमरी शिक्षा के बाद आगे पढ़ने नहीं जाती हैं। क्योंकि हमारे इलाके में छेड़खानी की घटनाएं बहुत ज्यादा हैं। अधिकांश अभिभावक सोचते हैं कि एक लड़की को पढ़ाई करने के लिए बाहर भेजना सुरक्षित होगा। मैंने किसी तरह अपने अभिभावकों को मेरी पढ़ाई जारी रखने के लिए सहमत किया। उन्हें सहमत किया कि वह मुझे घर से दूर एक सह-शिक्षा वाले आवासीय स्कूल में भेज दें। उन्होंने मुझे यहां भेजा। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करती हूं। उन्होंने मुझे अपने सपने पूरे करने की इजाजत दी।
यूपी में खत्म हो गया कानून का डर
प्रियंका गांधी ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा, 'बुलंदशहर की घटना यूपी में कानून के डर के खात्मे और महिलाओं के लिए फैले असुरक्षा के माहौल को दिखाती है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन छेड़खानी की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेता। इसके लिए व्यापक फेरबदल की जरूरत है। महिलाओं पर होने वाले हर तरह के अपराध पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए।'

सुदीक्षा की मौत की जांच के लिए SIT का गठन
सुदीक्षा भाटी की सड़क हादसे में हुई मौत की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। बता दें कि यह हादसा छेड़छाड़ या किन वजहों से हुआ, इसकी जांच कर एसआईटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। मेरठ रेंज आईजी प्रवीण कुमार ने बताया, एसआईटी प्रभारी बुलंदशहर की महिला सीओ दीक्षा सिंह हैं। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर और औरंगाबाद थाने के इंस्पेक्टर सदस्य होंगे।












Click it and Unblock the Notifications