विश्व मत्स्य दिवस पर प्रियंका ने दोहराए निषाद समुदाय से किए गए वादे, शेयर किया पुराना वीडियो
लखनऊ, 21 नवंबर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विश्व मत्स्य दिवस पर जल वैज्ञानिक निषाद समुदाय के लोगों के लिए की गई प्रतिज्ञाओं को दोहराया है। प्रियंका ने निषाद समुदाय के लोगों को मत्स्यपालन के लिए कृषि की तरह सुविधाएं दिए जाने के ऐलान के साथ कहा कि बालू खनन और मत्स्यपालन में निषादों के हक को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा गोरखपुर में गुरु मछेंद्रनाथ विश्वविद्यालय का निर्माण कराने का वादा किया है।

प्रियंका गांधी ने दोहरायी प्रतिज्ञाएं
प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को अपने भाषण का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ''आज विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर मैं अपने जल वैज्ञानिक निषाद बहनों-भाइयों के लिए की गई प्रतिज्ञाओं को दोहराती हूं। मत्स्यपालन के लिए कृषि की तरह सुविधाएं दी जाएंगी। बालू खनन एवं मत्स्यपालन में निषादों के हक को वरीयता दी जाएगी। गोरखपुर में गुरु मछेंद्रनाथ विश्वविद्यालय का निर्माण।''
2022 चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान
प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान कर बड़ा दांव खेला है। इसके अलावा प्रियंका ने महिलाओं के लिए कई बड़े वादे भी किए हैं। इन वादों को लेकर अलग से घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में करीब 7 करोड़ महिला वोटर हैं। कांग्रेस इनमें से 3 से 4 करोड़ महिला वोटरों तक पहुंचने के लिए बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरु करने जा रही। इसके लिए साढ़े सात हजार युवा लड़कियों की "लड़की हूं, लड़ सकती हूं ब्रिगेड" तैयार की गई है।












Click it and Unblock the Notifications