मायावती की बैठक में शामिल होने से पहले नेताओं से जमा कराए गए मोबाइल, बैग और गाड़ी की चाभी
लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को पार्टी के देशभर के प्रमुख पदाधिकारियों की लखनऊ में अहम बैठक बुलाई। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें मायावती अहम फैसले ले सकती हैं। बता दें, बैठक में शामिल होने से हर नेता का मोबाइल फोन, बैग, पेन के साथ गाड़ी की चाभी को भी बैठक हाल के बाहर जमा कराया गया।

मायावती की अहम बैठक
मायावती के आवास पर चल रही बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के सभी पदाधिकारी और जोनल कोऑर्डिनेटर शामिल हुए हैं। बैठक में मायावती देशभर में बसपा का विस्तार करने, नई रणनीति बनाने, उत्तर प्रदेश उपचुनाव की तैयारियों और पार्टी में बदलाव को लेकर चर्चा करेंगी। लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे आने और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन टूटने के बाद होने वाली इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मायावती बीएसपी के पदाधिकारियों से सपा से गठबंधन को लेकर स्थिति साफ कर सकती हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में गठबंधन के टूटने को लेकर कोई दुविधा न रहे।

सपा से नाता तोड़ चुकी हैं मायावती
बता दें, लोकसभा चुनाव 2019 में बसपा और सपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था। बसपा को उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 10 और समाजवादी पार्टी को महज 5 सीटों पर ही जीत मिली थी। इसके बाद मायावती ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी पार्टी के हालात सुधारें, अभी गठबंधन पर यह स्थाई ब्रेक नहीं है, लेकिन उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में 11 सीटों पर बसपा अकेले लड़ेगी।

मोबाइल, बैग, पेन जमा कराए गए
जानकारी के मुताबिक, ऐसा पहली बार हो रहा है जब बसपा सुप्रीमो की बैठक में शामिल होने से पहले हर नेता का मोबाइल फोन, बैग, पेन के साथ गाड़ी की चाभी को भी बैठक हाल के बाहर जमा कराया गया हो।












Click it and Unblock the Notifications