लखनऊ के व्यापारियों ने खुद लगाया लॉकडाउन, बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए उठाया ये कदम
लखनऊ के व्यापारियों ने खुद लगाया लॉकडाउन, बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए उठाया ये कदम
लखनऊ, अप्रैल 15: कोरोना वायरस संक्रमण उत्तर प्रदेश में बेकाबू हो गया है। पिछले 24 घंटों में 20 हजार से ज्यादा नए केस दर्ज दर्ज किए गए हैं। तो वहीं, संक्रमण के कारण प्रदेश की राजधानी लखनऊ में त्राहि-त्राहि मची हुई है। बढ़ते संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लखनऊ के व्यापारी खुद आगे आए हैं। व्यापारियों ने खुद के नुकसान की परवाह ने करते हुए इलाकेवार अपने यहां तीन से आठ दिन तक बंदी की घोषणा की है।
Recommended Video

लखनऊ सराफा ने स्वैच्छिक बंदी की घोषणा मंगलवार को ही कर दी थी, जिसमें अमीनाबाद में सराफा बाजार लगभग बंद रहा। वहीं, अमीनाबाद बाजार रविवार तक बंद रहेगा। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार की स्वैच्छिक बंदी की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर सभी बाजारों के अध्यक्ष और महामंत्री यह तय कर लें। हालांकि, बाजार बंद करते समय ध्यान रखें कि दवाएं व अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति न प्रभावित हो।
अमीनाबाद, चिकन बाजार 17 तक बंद
उधर, अमीनाबाद व्यापार संघर्ष समिति की पहल पर अमीनाबाद बाजार रविवार तक बंद रखने का फैसला सभी संगठनों ने लिया है। यह जानकारी संयोजक विनोद अग्रवाल ने दी। चौक का सराफा, चिकन व्यापार गुरुवार से शनिवार तक पूर्णतया बंद रहेगा। यह जानकारी अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन व महामंत्री विनोद माहेश्वरी ने दी। वहीं, लखनवी चिकनकारी हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने शनिवार तक बंदी की घोषणा की है।
बिजली बाजार 22 तक बंद
लखनऊ इलेक्ट्रिक मर्चेंट्स एंड कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन लेमका ने पांच दिन की बंदी की घोषणा की है। अध्यक्ष पराग गर्ग और एसोसिएशन ने 15 से 22 अप्रैल तक बंदी का फैसला लिया है। वहीं, हालात देखने के बाद तय होगा कि 23 से बाजार खुलेगा या नहीं।
कपड़ा बाजार पर जल्द होगा फैसला
उत्तर प्रदेश कपड़ा बाजार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी व महामंत्री अनिल बजाज ने कहा कि कपड़ा बाजार को लेकर कारोबारियों की सहमति के बाद बंदी का फैसला होगा।












Click it and Unblock the Notifications