दुधमुंही समेत दो बच्चियों से दरिंदगी, लखनऊ पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़ा
दुधमुंही समेत दो बच्चियों से दरिंदगी, लखनऊ पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़ा
लखनऊ, 15 नवंबर: खबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से है। यहां सआदतगंज थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिन दो बच्चियों के साथ ये घटना हुई है उनकी उम्र महज छह महीने और 10 साल की है। इस घटना के बाद दुधमुंही बच्ची की हालत काफी खराब है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों ही वारदात के आरोपियों को दबोच लिया है।

प्राप्त समाचार के मुताबिक, मूलरूप से पटना का रहने वाला एक परिवार पिछले काफी समय से लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में किराए पर रह रहा था। सआदतगंज प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार यादव ने बताया कि परिवार चूड़ी का कारोबार करता है। रविवार रात को परिवार की 6 महीने की बच्ची की मां खाना बना रही थी। इसी बीच बच्ची के रोने की आवाज आई। बच्ची का रोना सुनकर पड़ोस में रहने वाला सनी कुमार पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची को चुप कराने के बहाने से वो उसे गोद में लेकर खेलने लगा। बच्ची को खिलाते हुए अपने घर लेकर चला गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर घर वाले भी पहुंचे तो मासूम को छोड़कर सनी भाग गया। इस पर लोगों ने सनी को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। बच्ची की हालत गंभीर देख पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
10 साल की बच्चे से दुष्कर्म
वहीं, दूसरी घटना 12 नवंबर की सुबह बीबीगंज इलाके की है। यहां 10 साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला शमशाद बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। बच्ची को अपने घर ले जाकर छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची के विरोध पर उसे पीटा। दुष्कर्म किया और बच्ची को धमकाते हुए भाग निकला। बदहवास मासूम अपने घर पहुंची और परिजनों को वारदात के बारे में जानकारी दी। बच्ची के घर वालों ने थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। घटना से बच्ची के घर वालों में आक्रोश है।
क्या कहा पुलिस ने
प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज ब्रजेश कुमार यादव के मुताबिक, सनी और शमशाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications